दिल्ली: राजधानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। यहां तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति घायल है। दिल्ली पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। NDRF की टीम ने मलबे से एक शव भी बरामद किया है।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना सुबह 9:50 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा में हुई। मौके पर NDRF की टीम और दमकल की 6 गाड़ियां राहत और बचाव अभियान में जुटी हैं। इनमें पानी के टैंकर और रेस्क्यू वाहन भी शामिल हैं।
दिल्ली में इस साल इमारत गिरने का यह छठा बड़ा हादसा है। इससे पहले हुए 5 हादसों में 21 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें साकेत, रोहिणी, करोल बाग, सत्य निकेतन और सीमापुरी में हुए हादसे शामिल हैं। जान गंवाने वालों में कई छात्र भी शामिल थे।
ये भी पढ़ें: ईरान में परमाणु बम बनाने की मांग तेज, कट्टरपंथी नेताओं ने कहा- सुरक्षा के लिए जरूरी
दिल्ली में इस साल बिल्डिंग गिरने के 5 बड़े हादसे
1. 30 मई: सैदुलाजाब इलाके में वेस्टर्न मार्ग पर चार मंजिला व्यावसायिक इमारत ढह गई। इसमें कोचिंग सेंटर, कैफे और ऑफिस चल रहे थे। मलबा पास की कैंटीन पर भी गिरा, जहां छात्र मौजूद थे। हादसे में 6 लोगों की मौत हुई और 13 लोग घायल हुए।
2. 8 जुलाई: रोहिणी सेक्टर-16 में बारिश के दौरान दो निर्माणाधीन इमारतें ढह गईं। हादसे के बाद कई लोग मलबे में दब गए। बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत अभियान चलाया। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हुई।
3. 21 अगस्त: करोल बाग के रेगरपुरा इलाके में प्यारे लाल रोड पर एक इमारत का हिस्सा गिर गया। यहां इमारत को तोड़ने का काम चल रहा था। हादसे में वहां काम कर रहे एक मजदूर की मौत हुई और दो लोग घायल हो गए।
4. 6 सितंबर: सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत ढह गई। इस इमारत में लड़कों का PG चल रहा था। हादसे के समय बेसमेंट में मरम्मत का काम हो रहा था। बचाव दल ने मलबे से लोगों को बाहर निकाला। हादसे में 7 लोगों की मौत हुई और 5 घायल हुए।
5. 7 अक्टूबर: सीमापुरी इलाके में चार मंजिला इमारत का अगला हिस्सा ढह गया। हादसे में आसपास के लोग भी मलबे की चपेट में आए। बचाव दल ने 11 लोगों को बाहर निकाला। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हुई और 8 लोग घायल हुए।

