इंग्लैंड के कोचिंग स्टाफ में शामिल होने का ऑफर ठुकराया, एशेज और टी-20 क्रिकेट की रणनीति बनाने में निभाएंगे अहम भूमिका
नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है। पूर्व दिग्गज बल्लेबाज माइकल हसी को राष्ट्रीय टीम का कोचिंग कंसल्टेंट नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति का मुख्य उद्देश्य आने वाले बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट्स के लिए टीम को तैयार करना है। हसी 2027 की एशेज सीरीज और वनडे वर्ल्ड कप के साथ 2028 लॉस एंजिलिस ओलिंपिक तथा ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारियों में योगदान देंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज से शुरू होगी जिम्मेदारी
माइकल हसी अपनी नई भूमिका की शुरुआत इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज से करेंगे। इसके बाद वे न्यूजीलैंड के खिलाफ पर्थ में होने वाली टेस्ट सीरीज की तैयारी में भी टीम की मदद करेंगे। इस दौरान वे ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड और अन्य कोचिंग स्टाफ के साथ मिलकर काम करेंगे।
हसी इससे पहले भी ऑस्ट्रेलियाई टीम के बैटिंग कंसल्टेंट रह चुके हैं। हालांकि, कमेंट्री और अन्य क्रिकेट जिम्मेदारियों के चलते वे लंबे समय तक टीम के साथ नहीं जुड़ पाए थे।
इंग्लैंड का ऑफर ठुकराकर चुना ऑस्ट्रेलिया
माइकल हसी को इस साल इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कोचिंग स्टाफ में शामिल होने का प्रस्ताव मिला था। इंग्लैंड के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने उन्हें अपने साथ काम करने का ऑफर दिया था। दोनों पहले भी क्रिकेट से जुड़ी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। हालांकि, हसी ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया और ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ काम करने को प्राथमिकता दी।
IPL और द हंड्रेड में भी संभाल रहे जिम्मेदारी
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा माइकल हसी दुनिया की कई टी-20 लीग में भी सक्रिय हैं। वे IPL में चेन्नई सुपर किंग्स के बैटिंग कोच हैं। इसके साथ ही इंग्लैंड की द हंड्रेड लीग में वेल्श फायर के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
हसी 2022 में इंग्लैंड की टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के कोचिंग ग्रुप का भी हिस्सा थे। अलग-अलग देशों और क्रिकेट लीग में काम करने का उनका अनुभव अब ऑस्ट्रेलियाई टीम के काम आएगा।
हसी बोले- टीम के लिए योगदान देने को उत्साहित हूं
नई जिम्मेदारी मिलने पर माइकल हसी ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में अधिक औपचारिक और अहम भूमिका के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम से जुड़ने को लेकर वे उत्साहित हैं। टीम ने हाल के समय में काफी उपलब्धियां हासिल की हैं और वे आने वाली चुनौतियों के लिए खिलाड़ियों तथा कोचिंग ग्रुप की मदद करना चाहते हैं।
मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने भी हसी की नियुक्ति का स्वागत किया। उनके मुताबिक, खिलाड़ी और कोच के रूप में अलग-अलग फॉर्मेट और देशों में काम करने का हसी का अनुभव टीम के लिए उपयोगी साबित होगा।
यह भी पढ़ें: एमजीएम मेडिकल कॉलेज इंदौर की बड़ी उपलब्धि, 39 नई PG सीटों को मिली मंजूरी; कुल संख्या 322 पहुंची
2028 ओलिंपिक की तैयारी पर भी नजर
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के नेशनल टीम्स हेड बेन ओलिवर के मुताबिक, हसी की प्रमुख जिम्मेदारियों में टी-20 फॉर्मेट की रणनीति तैयार करने में मदद करना शामिल होगा। अगले 12 महीनों में ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट क्रिकेट कार्यक्रम व्यस्त रहने वाला है। ऐसे में हसी कोच, टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं के साथ मिलकर भविष्य की टी-20 योजनाओं पर काम करेंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज में मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड को आराम दिया जाएगा। उनकी जगह असिस्टेंट कोच आंद्रे बोरोवेक टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे। हसी भी इस दौरान उनके साथ काम करेंगे। इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की युवा टीम को मौका मिलने की उम्मीद है।

