भोपाल: देवास जिले के खातेगांव में थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत से जुड़े मामले में गिरफ्तार कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल पर पार्टी ने बड़ा एक्शन लिया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उन्हें संगठन के सभी पदों से हटाते हुए प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। राहुल जायसवाल 2018 से 2024 तक हरदा जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर की गई यह कार्रवाई पार्टी के 3 नवंबर को जारी आदेश में दर्ज है, जो अब सामने आया है।
कांग्रेस ने निष्कासन आदेश में घटना को गंभीर और निंदनीय बताया है। पार्टी का कहना है कि मामले के तार अवैध शराब के कारोबार से जुड़े होने की बात सामने आई है। राहुल जायसवाल की कथित संलिप्तता के संदेह में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया था। गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने उनसे दूरी बनाते हुए संगठन से बाहर कर दिया।
2018 से 2024 तक संभाली युवा कांग्रेस की कमान
हरदा जिले के टिमरनी निवासी राहुल जायसवाल कांग्रेस संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। उन्होंने 2018 से 2024 तक हरदा जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद भी उन्हें संगठन में जिम्मेदारी दी गई थी। वह खातेगांव विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी भी बताए जाते हैं। अवैध शराब कारोबार से जुड़े मामले में गिरफ्तारी के बाद अब पार्टी ने उनकी संगठनात्मक भूमिका पूरी तरह समाप्त कर दी है।
यह भी पढ़ें: सोनिया गांधी बोलीं- 12 साल में देश के सामाजिक ताने-बाने को पहुंचा नुकसान
पूछताछ में 30 प्रतिशत हिस्सेदारी का कथित दावा
पुलिस जांच में राहुल जायसवाल का नाम अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़ने के बाद सामने आया। पूछताछ से संबंधित एक वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर शराब कारोबार में 30 प्रतिशत हिस्सेदारी होने की बात कही थी। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के साथ गुजरात तक फैले शराब तस्करी के संपर्कों की भी जांच कर रही है।
इस मामले में खातेगांव के थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलने की घटना और अवैध शराब कारोबार के बीच संभावित संबंधों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की भूमिका और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

