सिवनी: उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन दीपावली पर अपने गृहनगर सिवनी पहुंचे। पुलिस ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। स्वागत समारोह में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सिवनी से अपने जुड़ाव और अब बदल चुकी जिम्मेदारियों को लेकर बात की। डॉ. बिसेन ने कहा अब निश्चित रूप से उनके और सिवनी के लोगों के बीच कुछ दूरियां रहेंगी। राज्यपाल बनने के बाद उनकी भूमिका बदल गई है। अब मैं आपका वोटर नहीं रह पाऊंगा।
मेरा दिल सिवनी के लिए ही धड़केगा
डॉ. बिसेन ने कहा शरीर से दूर रहूंगा, लेकिन हृदय से नहीं। सिवनी और पूरे संभाग के विकास के लिए उनके स्तर से जो भी संभव हो सकेगा, उसे पूरा करने की कोशिश करेंगे। राज्यपाल के संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए वे अपने क्षेत्रवासियों के लिए भी कुछ अच्छा करने का प्रयास करेंगे। सिवनी के विकास से जुड़े विषयों पर उनकी नजर और सहयोग की भावना बनी रहेगी। लोगों की अपेक्षाएं और क्षेत्र की जरूरतें उनके सामने आएंगी, तो उन्हें पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
मेरी उपलब्धता पहले जैसी नहीं रहेगी
राज्यपाल बिसेन यह भी साफ किया अब पहले की तरह प्रतिदिन सिवनी के लोगों के बीच रहना और स्थानीय मामलों को सीधे देख पाना संभव नहीं होगा। पद की जिम्मेदारियों के चलते उनकी उपलब्धता पहले जैसी नहीं रह पाएगी, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि सिवनी के लोगों के लिए उनका स्नेह या सहयोग समाप्त हो जाएगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। अब क्षेत्र के लोगों की समस्याओं और उनकी अपेक्षाओं को आगे बढ़ाने में यहां मौजूद लोग सहयोग करेंगे।
जनप्रतिनिधियों ने किया गर्मजोशी से स्वागत
उन्होंने भरोसा दिलाया यदि उनके ध्यान में भी सिवनी या संभाग से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण समस्या अथवा विकास का विषय आता है, तो वे निश्चित रूप से मदद करने का पूरा प्रयास करेंगे। सिवनी और उत्तराखंड के बीच पुराने सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंध हैं। दोनों क्षेत्रों का रिश्ता काफी पुराना है और इन संबंधों की अपनी अलग पहचान है। सर्किट हाउस में आयोजित स्वागत समारोह में जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका सम्मान किया।

