Thursday, November 12, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल-इंदौर मेट्रो में 50 रुपये में बनेगा नेशनल मोबिलिटी कार्ड, कई शहरों...

भोपाल-इंदौर मेट्रो में 50 रुपये में बनेगा नेशनल मोबिलिटी कार्ड, कई शहरों में कर सकेंगे सफर

भोपाल: मध्यप्रदेश के मेट्रो यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब भोपाल और इंदौर मेट्रो में सफर करने के लिए यात्री 50 रुपये में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड बनवा सकेंगे। इस एक कार्ड से न केवल दोनों शहरों में, बल्कि देश के कई अन्य शहरों की मेट्रो में भी यात्रा की जा सकेगी। मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने 12 नवंबर से यह सुविधा शुरू कर दी है। इससे यात्रियों को अलग-अलग शहरों में मेट्रो यात्रा के लिए बार-बार नए कार्ड बनवाने या टिकट खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

एक कार्ड से कई शहरों में सफर

नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड भोपाल और इंदौर के सभी मेट्रो स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर 50 रुपये के अदेय शुल्क पर उपलब्ध है। कार्ड लेने के बाद यात्री टिकट काउंटर, टिकट वेंडिंग मशीन या मध्यप्रदेश मेट्रो के मोबाइल एप के माध्यम से इसमें बैलेंस रिचार्ज करा सकेंगे।

इस कार्ड का इस्तेमाल दिल्ली मेट्रो के नेटवर्क और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन, नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन, गुरुग्राम, जयपुर और मुंबई की विभिन्न मेट्रो लाइनों में भी किया जा सकेगा। इस तरह यात्रियों को अलग-अलग शहरों के लिए अलग स्मार्ट कार्ड रखने की जरूरत नहीं होगी।

स्मार्ट कार्ड से किराये में 25 फीसदी छूट

कार्ड से यात्रा करने पर निर्धारित शर्तों के तहत 20 रुपये से अधिक किराये वाली सामान्य एकल यात्रा पर 25 प्रतिशत की सीधी छूट मिलेगी। इससे नियमित मेट्रो यात्रियों को आर्थिक लाभ होगा।

30 सेकंड में मिलेगा क्यूआर टिकट

मेट्रो प्रबंधन ने टिकट प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनें भी शुरू की हैं। यात्री इन मशीनों से करीब 30 सेकंड में क्यूआर टिकट प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए मशीन की स्क्रीन पर ‘बाय क्यूआर टिकट’ विकल्प चुनकर गंतव्य स्टेशन दर्ज करना होगा। इसके बाद यूपीआई से किराये का भुगतान करते ही टिकट मिल जाएगा।

अब यात्रियों के पास टिकट काउंटर, मोबाइल एप, क्यूआर टिकट, वेंडिंग मशीन और स्मार्ट कार्ड के विकल्प उपलब्ध हैं।

ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा में भाजपा नेता के भाई का शस्त्र लाइसेंस निरस्त, धमकी देने का आरोप

31 दिसंबर तक किराये में विशेष छूट

मेट्रो प्रबंधन ने यात्रियों को प्रोत्साहित करने के लिए 11 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक विशेष किराया छूट योजना लागू की है। इसके तहत सिंगल जर्नी टिकट पर 25 प्रतिशत, रिटर्न जर्नी टिकट पर कुल 30 प्रतिशत और कम से कम दो यात्रियों के ग्रुप टिकट पर कुल 35 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।

इसके अलावा ई-वॉलेट रिचार्ज कराने पर रिचार्ज की राशि के अनुसार 8 से 15 प्रतिशत तक बोनस भी मिलेगा। हालांकि, 20 रुपये वाले सिंगल जर्नी टिकट पर 25 प्रतिशत की अतिरिक्त प्रमोशनल छूट लागू नहीं होगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन