भोपाल: दतिया उपचुनाव में हार के बाद भाजपा में उभरी गुटबाजी को खत्म करने की कोशिशें तेज हो गई हैं। लंबे समय से एक-दूसरे से दूरी बनाए रखने वाले पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे आशुतोष तिवारी अब एक साथ संगठनात्मक बैठक में नजर आए। दोनों नेताओं की मौजूदगी को दतिया भाजपा में आपसी मतभेद दूर करने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
जिले में नई जिला कार्यकारिणी और मंडलों के गठन का रास्ता भी गुटबाजी के चलते अटका हुआ था। अब प्रदेश संगठन के स्तर पर दोनों खेमों के बीच तालमेल बनाने की कोशिश शुरू की गई है। इसी सिलसिले में गुरुवार को भोपाल में चंबल संभाग के प्रभारी डॉ. अभय यादव ने दतिया के प्रमुख नेताओं की बैठक बुलाई। शुक्रवार सुबह डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अभय यादव के निवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की।
कंसाना के बंगले पर जुटे दतिया के नेता
गुरुवार को दतिया के प्रभारी मंत्री एदल सिंह कंसाना के बंगले पर हुई बैठक में जिले के प्रमुख नेता शामिल हुए। इसमें प्रभारी मंत्री एदल सिंह कंसाना, भिंड-दतिया सांसद संध्या राय, सेंवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल, भांडेर के पूर्व विधायक घनश्याम पिरोनिया, पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, पूर्व प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और जिला अध्यक्ष माधवेन्द्र सिंह परिहार मौजूद रहे।
बैठक में जिला कार्यकारिणी के गठन और मंडल स्तर पर संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर चर्चा हुई। लंबे समय से खाली पड़े पदों पर नियुक्तियों के लिए नेताओं के बीच सहमति बनाने पर मंथन किया गया।
उपचुनाव की हार के बाद बढ़े थे मतभेद
दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद पार्टी के भीतर खींचतान सामने आई थी। तत्कालीन जिला अध्यक्ष रघुवीर शरण कुशवाहा समेत जिले की संगठनात्मक इकाइयों को भंग कर दिया गया था। इसके बाद माधवेन्द्र सिंह परिहार को नया जिला अध्यक्ष बनाया गया, लेकिन नई टीम के गठन पर सहमति नहीं बन पाई।
चुनाव परिणाम के बाद आशुतोष तिवारी ने बिना नाम लिए डॉ. नरोत्तम मिश्रा पर निशाना साधा था। इसके बाद जिले में पार्टी के भीतर दो खेमे बन गए। जिला अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद भी दोनों नेता किसी संगठनात्मक बैठक में एक साथ नजर नहीं आए थे। ऐसे में गुरुवार की बैठक में दोनों की मौजूदगी को अहम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: 8 दिन में ‘रामायण’ की कमाई 1033 करोड़ पार, पठान का रिकॉर्ड तोड़ने के करीब
लोकतंत्र बचाओ यात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा
बैठक में ग्वालियर में प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ यात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। इसके लिए दतिया में बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने और कार्यक्रम में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही गई। ग्वालियर में होने वाली इस रैली में राष्ट्रीय स्तर के एक नेता के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भी शामिल होंगे।
शुक्रवार सुबह डॉ. नरोत्तम मिश्रा की डॉ. अभय यादव से मुलाकात को भी इसी संगठनात्मक कवायद से जोड़कर देखा जा रहा है। अब जिला कार्यकारिणी और मंडलों में नियुक्तियों के जरिए दोनों नेताओं के बीच समन्वय बनाने की कोशिश है। इन नियुक्तियों पर बनने वाली सहमति से दतिया भाजपा में संगठन की आगे की दिशा तय होगी।

