माउंट माउंगानुई: न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। माउंट माउंगानुई में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को 244 रन से करारी शिकस्त दी। 334 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया 26.4 ओवर में महज 89 रन पर ऑलआउट हो गई। मैट हेनरी ने पहले ही ओवर में रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर को आउट कर भारतीय टीम को बैकफुट पर धकेल दिया।
रनों के अंतर से यह न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की अब तक की सबसे बड़ी वनडे हार है। वहीं, ओवरऑल वनडे इतिहास में यह भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार है। इससे पहले भारत को सबसे बड़ी हार 245 रन से श्रीलंका के खिलाफ शारजाह में मिली थी।
पहले ओवर में गंवाए तीन विकेट
334 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। मैट हेनरी ने पारी के पहले ही ओवर में रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर को पवेलियन भेज दिया। रोहित पहली गेंद पर फिन एलन को कैच दे बैठे। विराट चार गेंद खेलने के बाद खाता नहीं खोल सके, जबकि श्रेयस पहली ही गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए।
हेनरी ने पहले ओवर में मेडन रखते हुए तीन विकेट झटके। यह पहली बार था, जब भारतीय टीम ने वनडे की पारी के पहले ही ओवर में तीन विकेट गंवाए।
9 रन पर चार विकेट गंवाए
भारत ने पांचवें ओवर में ऋतुराज गायकवाड़ का विकेट भी गंवा दिया। वह 13 गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए। इस तरह भारतीय टीम ने महज नौ रन पर चार विकेट गंवा दिए।
इसके बाद ईशान किशन और अक्षर पटेल ने पांचवें विकेट के लिए 44 रन जोड़े। अक्षर 21 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, ईशान किशन ने 53 गेंदों पर 27 रन बनाए, लेकिन वह भी टीम को संकट से नहीं निकाल सके।
इसके बाद भारतीय पारी लगातार लड़खड़ाती रही। आकिब नबी पांच, कुलदीप यादव एक, नमन धीर 21 और गुरनूर बराड़ दो रन बनाकर आउट हुए। नमन ने अपनी पारी में दो छक्के लगाए। पूरी भारतीय टीम 26.4 ओवर में 89 रन पर सिमट गई।
हेनरी ने छह विकेट लेकर बरपाया कहर
न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 27 रन देकर छह विकेट हासिल किए। यह वनडे क्रिकेट में उनका चौथा पांच विकेट हॉल है। मैथ्यू फिशर ने 31 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि काइल जेमीसन को एक सफलता मिली।
ये भी पढ़ें: दतिया भाजपा में सुलह की कोशिश, साथ आए नरोत्तम-आशुतोष
भारत की दूसरी सबसे बड़ी वनडे हार
244 रन की हार के साथ भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना सबसे खराब वनडे रिकॉर्ड दर्ज किया। इससे पहले न्यूजीलैंड ने 10 अगस्त 2010 को दांबुला में भारत को 200 रन से हराया था।
भारत वनडे इतिहास में आठ बार 100 से कम स्कोर पर ऑलआउट हुआ है। इस मैच का 89 रन का स्कोर भारतीय टीम का छठा न्यूनतम वनडे स्कोर है। साल 2019 के बाद यह पहला मौका है, जब भारतीय टीम वनडे में 100 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सकी।
पांच मैचों की सीरीज में इस हार के बावजूद भारत 2-1 से आगे है। सीरीज का आखिरी मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें: इंदौर में आज से स्नूकर वर्ल्ड चैंपियनशिप के क्वालिफाइंग मुकाबले, 32 देशों के खिलाड़ी दिखाएंगे दम
रनों के अंतर से भारत की सबसे बड़ी वनडे हार
हार का अंतर विपक्षी टीम मैदान तारीख
245 रन श्रीलंका शारजाह 29 अक्टूबर 2000
244 रन न्यूजीलैंड माउंट माउंगानुई 13 नवंबर 2026
214 रन दक्षिण अफ्रिका मुंबई 25 अक्टूबर 2015
208 रन ऑस्ट्रेलिया सिडनी 8 फरवरी 2004
202 रन इंग्लैंड लॉर्ड्स 7 जून 1975
वनडे में भारत के 100 से कम स्कोर
स्कोर विपक्षी टीम मैदान वर्ष
54 श्रीलंका शारजाह 2000
63 ऑस्ट्रेलिया सिडनी 1981
78 श्रीलंका कानपुर 1986
79 पाकिस्तान सियालकोट 1978
88 न्यूजीलैंड दांबुला 2010
89 न्यूजीलैंड माउंट माउंगानुई 2026
91 दक्षिण अफ्रीका डरबन 2006
92 न्यूजीलैंड हैमिल्टन 2019

