इंदौर: दिगंबर जैन संत मुनि सुधासागर जी महाराज की वकीलों को लेकर की गई कथित टिप्पणी का मामला अब अदालत पहुंच गया है। इंदौर जिला न्यायालय ने इस मामले में मुनि सुधासागर जी महाराज के नाम समन जारी किया है। उन्हें 4 दिसंबर 2026 को सुबह 11 बजे अदालत में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। अधिवक्ता शैलेंद्र द्विवेदी ने टिप्पणी को मानहानिकारक बताते हुए न्यायालय में परिवाद दायर किया था।
‘वकील सुलह नहीं, झगड़ा करवाते हैं’ टिप्पणी पर विवाद
मामला मुनि सुधासागर जी महाराज के चातुर्मास के दौरान आयोजित ‘जिज्ञासा’ कार्यक्रम से जुड़ा है। इस कार्यक्रम में श्रद्धालु और अन्य लोग उनसे अलग-अलग विषयों पर सवाल पूछते हैं। इसी दौरान एक सवाल के जवाब में उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि ‘वकील सुलह नहीं, झगड़ा करवाते हैं।’
इस टिप्पणी पर इंदौर के अधिवक्ता शैलेंद्र द्विवेदी ने आपत्ति जताई। उनका कहना है कि वकील न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। वे पक्षकारों को न्याय दिलाने के साथ विवादों के समाधान में भी भूमिका निभाते हैं। ऐसे में पूरे अधिवक्ता समुदाय को लेकर इस तरह की टिप्पणी उनकी पेशेवर प्रतिष्ठा को प्रभावित करती है।
अधिवक्ता ने दायर किया मानहानि का परिवाद
कथित टिप्पणी से आहत अधिवक्ता शैलेंद्र द्विवेदी ने इंदौर जिला न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 356 के तहत मानहानि से संबंधित आरोप लगाए गए हैं। परिवादी ने न्यायालय से मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
12 नवंबर को जारी हुआ समन
मामले में 12 नवंबर 2026 को न्यायालय की ओर से समन जारी किया गया। प्रकरण क्रमांक यूएन एसआर/5461/2026 दर्ज है। समन के अनुसार, मुनि सुधासागर जी महाराज को 4 दिसंबर 2026 को सुबह 11 बजे अदालत में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं। वे स्वयं या नियमानुसार अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें: MP में 10-24 जनवरी तक स्वगणना, 25 जनवरी से 28 फरवरी तक घर-घर जनगणना
अब 4 दिसंबर की सुनवाई पर नजर
समन जारी होने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है। अब 4 दिसंबर को होने वाली सुनवाई में आगे की न्यायिक प्रक्रिया स्पष्ट होगी। हालांकि, समन जारी होना किसी व्यक्ति का अपराध सिद्ध होना नहीं है। यह न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत संबंधित पक्ष को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाने की कार्रवाई है।

