तेल अवीव: इजराइल में सरकार बनाने को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पूर्व सेना प्रमुख गादी आइजनकोट से साथ मिलकर सरकार बनाने की अपील की है। हालांकि, आइजनकोट ने नेतन्याहू के इस प्रस्ताव को तुरंत ठुकरा दिया।
नेतन्याहू की किसी राजनीतिक चाल में नहीं फंसेंगे
नेतन्याहू ने देश की सुरक्षा का हवाला देते हुए कहा कि सभी बड़ी पार्टियों को एकजुट होकर सरकार बनानी चाहिए। लेकिन आइजनकोट ने साफ कर दिया कि वे नेतन्याहू की किसी राजनीतिक चाल में नहीं फंसेंगे। उन्होंने कहा कि नेतन्याहू चुनाव हार चुके हैं और अब उन्हें सत्ता में बने रहने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
नेतन्याहू बोले- ईरान के परमाणु खतरे को खत्म करना जरूरी
नेतन्याहू ने शनिवार को वीडियो संदेश जारी कर कहा कि ईरान एक बार फिर अपना परमाणु कार्यक्रम शुरू करने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान इजराइल को खत्म करना चाहता है और मौका मिलने पर उसके खिलाफ परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है। इसलिए इजराइल को ईरान के परमाणु खतरे को हमेशा के लिए खत्म करना होगा।
नेतन्याहू ने कहा कि इस खतरे से निपटने के लिए देश में राष्ट्रीय एकता की सरकार बनाना जरूरी है। छोटी सरकार या आतंकवाद समर्थक दलों के सहारे चलने वाली सरकार ऐसा नहीं कर पाएगी।
ये भी पढ़ें: पानी की बोतलों में छिपाकर ले जा रहा था 2.25 करोड़ की एमडी ड्रग्स, मैकेनिकल इंजीनियर गिरफ्तार
चुनावी नतीजों में किसी को नहीं मिला बहुमत
इजराइल में 27 अक्टूबर को हुए चुनाव में किसी भी दल या गठबंधन को सरकार बनाने लायक सीटें नहीं मिलीं।
120 सदस्यों वाली संसद नेसेट में नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटें मिलीं। आइजनकोट के चार दलों वाले गठबंधन को 48 सीटें मिलीं। अरब दलों ने 19 सीटें जीतीं।
चुनाव के बाद राष्ट्रपति ने सांसदों से पूछा कि वे किसे प्रधानमंत्री बनते देखना चाहते हैं। 67 सांसदों ने आइजनकोट का समर्थन किया, जबकि 46 सांसद नेतन्याहू के साथ थे। इसी आधार पर आइजनकोट को सरकार बनाने का पहला मौका मिला।

