इंदौर:शहर में किरार समाज के एक आयोजन के होर्डिंग्स को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। शहर में लगाए गए प्रचार पोस्टरों में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को प्रमुखता से जगह दी गई है, लेकिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की तस्वीर गायब है। भाजपा के कई वरिष्ठ और स्थानीय नेताओं के फोटो वाले इन होर्डिंग्स में मुख्यमंत्री की गैरमौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
शिवराज-विजयवर्गीय को प्रमुखता, सीएम की तस्वीर नहीं
किरार समाज के इस भव्य आयोजन के प्रचार के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और स्थानीय विधायक रमेश मेंदोला सहित भाजपा के कई नेताओं की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। हालांकि, प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री मोहन यादव को इन पोस्टरों में जगह नहीं दी गई है।
मुख्यमंत्री की तस्वीर गायब होने को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। राजनीतिक जानकार और आम लोग इसके अलग-अलग मायने निकाल रहे हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब भाजपा के कई बड़े नेताओं को प्रचार में शामिल किया गया तो मुख्यमंत्री को क्यों छोड़ दिया गया।
शिवराज और विजयवर्गीय की नजदीकियों पर भी चर्चा
होर्डिंग्स में शिवराज सिंह चौहान और कैलाश विजयवर्गीय की प्रमुखता के बीच दोनों नेताओं की हालिया मुलाकातों और आपसी नजदीकियों की चर्चा भी फिर शुरू हो गई है। शिवराज की प्रदेश में बढ़ती सक्रियता को भी इस घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, आयोजकों की ओर से मुख्यमंत्री की तस्वीर शामिल नहीं किए जाने को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
ये भी पढ़ें: भोपाल में दर्दनाक हादसा: ऑफिस जा रही महिला पत्रकार को डंपर ने कुचला, मौत
पत्नी साधना सिंह के साथ कार्यक्रम में पहुंचे शिवराज
किरार समाज के इस आयोजन में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी पत्नी साधना सिंह के साथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। साधना सिंह किरार समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। दोनों दोपहर करीब एक बजे होटल मैरियट के समीप आयोजित समारोह में पहुंचे।
शिवराज सिंह चौहान ने मंच से समाज के लोगों को संबोधित किया और सफल आयोजन के लिए सभी समाजजनों को बधाई दी। कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी के साथ ही होर्डिंग्स से मुख्यमंत्री मोहन यादव की तस्वीर गायब रहने का मुद्दा भी चर्चा में बना रहा।

