भोपाल:मध्यप्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए प्रदेश के सभी 52 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने कलेक्टरों को केंद्रों के चयन की प्रक्रिया पूरी कर 20 नवंबर 2026 तक सूची भेजने के निर्देश दिए हैं। इस बार प्राथमिक और मिडिल स्तर के कुल 33,834 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
इनमें प्राथमिक स्तर के 15,176 और मिडिल स्तर के 18,658 अभ्यर्थी हैं। जिलेवार संख्या के आधार पर केंद्रों की क्षमता और उपलब्ध संसाधनों को देखते हुए व्यवस्था की जाएगी।
कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति करेगी चयन
परीक्षा केंद्र तय करने के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति गठित की जाएगी। इसमें जिला पंचायत सीईओ, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक और डाइट के प्राचार्य या उनके प्रतिनिधि शामिल होंगे।
केंद्रों के लिए प्राथमिकता शासकीय विद्यालयों को दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर उत्कृष्ट निजी विद्यालयों और अन्य शासकीय संस्थानों का भी चयन किया जा सकेगा।
परीक्षा के दिन दूसरी गतिविधियों पर रोक
माशिमं ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर उस दिन कोई दूसरी परीक्षा या गतिविधि आयोजित नहीं होगी। साथ ही गोपनीय सामग्री सुरक्षित रखने और प्रवेश पत्र वितरण की व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी होगी।
कलेक्टरों को निर्धारित प्रारूप में केंद्रों की सूची एक्सेल फाइल के साथ 20 नवंबर तक Email-ntse.mpbse@gmail.com पर भेजनी होगी।
ये भी पढ़ें: ऐप से तय होगी शिक्षकों की सैलरी! हाजिरी में चूक पर कटेगा वेतन, शिक्षक करेंगे सामूहिक बहिष्कार
छिंदवाड़ा में सबसे ज्यादा अभ्यर्थी
जिलेवार आंकड़ों में छिंदवाड़ा 1,660 अभ्यर्थियों के साथ सबसे आगे है। रीवा में 1,474, छतरपुर में 1,229, मंडला में 1,227, उज्जैन में 1,142 और रतलाम में 1,081 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
श्योपुर में सबसे कम 141 अभ्यर्थी हैं। हरदा में 155 और उमरिया में 210 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। भोपाल में प्राथमिक स्तर के 204 और मिडिल स्तर के 412 सहित कुल 616 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

