भोपाल। मध्य प्रदेश में सर्दी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रात के तापमान में लगातार गिरावट के साथ सुबह और देर रात ठिठुरन बढ़ गई है। प्रदेश के 16 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। कटनी का करौंदी 11.5 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जबकि इंदौर 11.8 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा। मौसम में बदलाव के बीच अब मावठे की भी संभावना बन रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 नवंबर से प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय सिस्टम से बदलेगा मौसम
मौसम केंद्र के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में चक्रवातीय गतिविधियां सक्रिय हैं। 17 नवंबर को इसके पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में प्रचंड चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। इस मौसमी सिस्टम का असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिल सकता है। हालांकि, प्रदेश में इसका प्रभाव कितना रहेगा, यह अगले दो से तीन दिनों में स्पष्ट होगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 18 नवंबर से पूर्वी और दक्षिणी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इससे तापमान और मौसम के मिजाज में बदलाव आने की संभावना है।
कटनी सबसे ठंडा, इंदौर में 11.8 डिग्री तापमान
बीती रात प्रदेश में सबसे कम 11.5 डिग्री न्यूनतम तापमान कटनी जिले के करौंदी में दर्ज किया गया। इंदौर में पारा 11.8 डिग्री रहा। इसके अलावा छिंदवाड़ा में 12.2, कल्याणपुर में 12.3, अमरकंटक में 12.4, रायसेन में 12.5 और दमोह में 12.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
वहीं पचमढ़ी और मलाजखंड में 13.2, नौगांव में 13.4, उमरिया में 13.8, जबलपुर, मंडला और नरसिंहपुर में 14, उज्जैन में 14.5 तथा रीवा में 14.6 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। इन आंकड़ों से साफ है कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रात की ठंड बढ़ने लगी है।
नवंबर के दूसरे पखवाड़े में बढ़ती है ठंड
मौसम विभाग के पिछले दस वर्षों के आंकड़ों के अनुसार, नौ साल नवंबर के दूसरे पखवाड़े में ठंड का असर तेज हुआ है। इस बार भी 15 नवंबर के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। उत्तरी हवाओं के कारण ग्वालियर-चंबल संभाग में ठंड का असर अधिक रहने की संभावना है।
नवंबर में प्रदेश में कड़ाके की ठंड के पुराने रिकॉर्ड भी दर्ज हैं। ग्वालियर में 57 साल पहले न्यूनतम तापमान तीन डिग्री तक पहुंच गया था, जबकि उज्जैन में 53 साल पहले नवंबर के दौरान पारा 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
भोपाल-इंदौर में भी हो सकती है बारिश
नवंबर में भोपाल, इंदौर और जबलपुर में बारिश का पुराना ट्रेंड रहा है। इस बार भी महीने की शुरुआत से मौसमी गतिविधियां सक्रिय हैं। तीसरे और चौथे सप्ताह में नए मौसम सिस्टम बनने से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश के लोगों को बढ़ती ठंड के साथ मावठे का सामना भी करना पड़ सकता है।

