भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार, 16 नवंबर को जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत शहडोल जिले के ब्यौहारी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे जिले को 342.61 करोड़ रुपये की लागत वाले 69 विकास कार्यों की सौगात देंगे। इनमें 341.67 करोड़ रुपये के 67 कार्यों का भूमिपूजन और 94 लाख रुपये के दो निर्माण कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
विकास कार्यों में सबसे बड़ा निवेश बिजली व्यवस्था को मजबूत करने पर किया जाएगा। ऊर्जा विभाग की ओर से 291.51 करोड़ रुपये की लागत से जयसिंह नगर और पपौंध में दो विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण किया जाएगा। इनमें जयसिंह नगर उपकेंद्र पर 109.26 करोड़ और पपौंध उपकेंद्र पर 182.25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन उपकेंद्रों के बनने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होने और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
शिक्षा और जनजातीय सुविधाओं पर भी जोर
कार्यक्रम में जनजातीय कार्य विभाग के 35.66 करोड़ रुपये के 61 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। इनमें छात्रावासों में डोरमेट्री, शौचालय और स्नानगृह निर्माण के साथ सीसी रोड, स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और बाउंड्रीवॉल बनाने के कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा 13.09 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले शासकीय महाविद्यालय बाणसागर के भवन एवं अन्य विकास कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी। वन विभाग के 80 लाख रुपये के दो कार्यों और 61 लाख रुपये की लागत से बनने वाले रूरल मार्ट का भी भूमिपूजन होगा। रूरल मार्ट से स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण आजीविका को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
छात्रावास और बहुउद्देशीय भवन का करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री 94 लाख रुपये की लागत से पूरे हुए दो निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे। इनमें बु?वा छात्रावास में 34 लाख रुपये की लागत से निर्मित तीन अतिरिक्त कक्ष और नगपुरा के डोंगरीटोला में 60 लाख रुपये से तैयार बहुउद्देशीय भवन शामिल हैं।
इन परियोजनाओं से शहडोल जिले में बिजली आपूर्ति, शिक्षा, जनजातीय छात्रावासों और ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।

