बेगमगंज: नगर के खिरिया नारायणदास मोहल्ले में शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे 26 वर्षीय अविवाहित युवती ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना से पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान कु. संध्या पिता जुगलकिशोर के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार संध्या ने सुबह अपने घर के एक कमरे में फांसी लगा ली। परिजनों ने उसे नीचे उतारा और अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने जताया संदेह
परिजनों के अनुसार संध्या खूब पढ़ी-लिखी थी और जॉब नहीं मिलने के कारण परेशान रहती थी, लेकिन ऐसी कोई बात नहीं थी कि वह आत्महत्या कर ले।
परिजनों ने संदेह व्यक्त किया है कि मृतका का मोबाइल गायब है और दुपट्टे की स्थिति से नहीं लगता कि वह फांसी लगाकर आत्महत्या कर सकती है। घटना के बाद से न तो कोई सुसाइड नोट मिला है और न ही मोबाइल का पता चला है, जिससे गुत्थी उलझ गई है।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान को ब्लाइंड एशिया कप का विजेता घोषित करने पर भारतीय टीम नाराज, ट्रॉफी सेरेमनी का किया बहिष्कार
पुलिस जांच के लिए नहीं पहुंची – पिता का आरोप
पिता जुगलकिशोर का आरोप है कि घटना के बाद से अब तक पुलिस उनके घर पर जांच करने नहीं आई है और न ही परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना में लेने की बात कही है, लेकिन घटनास्थल पर जांच के लिए नहीं पहुंचने से परिजनों में आक्रोश है।
पुलिस हत्या या आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लगा पा रही है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

