भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और आर्थिक राजधानी इंदौर में सोमवार को अतिक्रमण और जर्जर मकानों के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई देखने को मिल रही है। दोनों शहरों में बुलडोजर एक्शन के चलते सुबह से ही हलचल तेज है। भोपाल में ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में प्रशासन 599 जर्जर ईडब्ल्यूएस आवासों को हटाने की कार्रवाई कर रहा है। इस कार्रवाई के लिए प्रशासन ने भारी मशीनरी और पुलिस बल तैनात किया है।
मकानों को तोड़ने के लिए 10 पोकलेन मशीनें लगाई गई हैं
जनता क्वार्टर में मकानों को तोड़ने के लिए 10 पोकलेन मशीनें लगाई गई हैं। इसके अलावा मौके पर 4 एसडीएम, 10 तहसीलदार समेत राजस्व विभाग के सैकड़ों कर्मचारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद हैं। प्रशासन की पूरी टीम की निगरानी में मकानों को हटाने का काम किया जा रहा है, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
पुलिस ने कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को हिरासत में लिया
वहीं, कार्रवाई के विरोध और हंगामे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को सुबह 8 बजे से ही हिरासत में ले रखा है। एहतियात के तौर पर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
जनता क्वार्टर में बड़ी संख्या में आवासों को हटाने की कार्रवाई के चलते स्थानीय स्तर पर भी हलचल बनी हुई है। प्रशासन की कोशिश है कि पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो और कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित न हो।
इंदौर में भी अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर एक्शन जारी
दूसरी ओर, इंदौर में भी अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर एक्शन जारी है। यहां 62 मकानों को तोड़ा जा रहा है। भोपाल और इंदौर दोनों ही शहरों में प्रशासनिक अमला कार्रवाई में जुटा हुआ है।
ये भी पढ़ें: अल-नीनो का असर: हिमालय में भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा, भारत-नेपाल समेत कई देशों में बाढ़ का अलर्ट
कृष्णबाग कॉलोनी में 62 मकानों को तोड़ा जा रहा
इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में भी 62 मकानों को तोड़ा जा रहा है। विरोध में दो परिवार अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए हैं। ये कार्रवाई पहले 16 और 17 नवंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण टाल दी गई थी।

