अनूपपुर: मध्यप्रदेश के अनूपपुर में सोमवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के जवान समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के छूलहा गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो सवार तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों में दो सगे भाई और बोलेरो का मालिक शामिल है।
हादसा सोमवार सुबह करीब चार बजे हुआ। मृतकों की पहचान धनगवां निवासी दीनबंधु विश्वकर्मा (36), उनके छोटे भाई विनीत विश्वकर्मा (26) और मोहम्मद करीम (32) के रूप में हुई है। विनीत भारतीय सेना में जवान था और दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौटा था। हादसे में राजू तिवारी (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है।
ट्रेन से घर पहुंचने के बाद बोलेरो से निकला था जवान
विनीत के पिता जयकरण विश्वकर्मा ने बताया कि उनका सबसे छोटा बेटा भारतीय सेना में पदस्थ था। वह छत्तीसगढ़ के रायपुर में अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आ रहा था। सोमवार तड़के करीब तीन बजे ट्रेन से पहुंचने के बाद वह बोलेरो से घर के लिए रवाना हुआ। उसके साथ बड़ा भाई दीनबंधु और दोस्त राजू तिवारी भी थे।
ये भी पढ़ें: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे मालवा महोत्सव का शुभारंभ
सुबह साढ़े पांच बजे मिली हादसे की सूचना
परिजनों के मुताबिक, पुलिस ने सुबह करीब 5:30 बजे हादसे की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजू का उपचार शुरू किया गया।
तीनों मृतकों के शव जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाए गए हैं। पुलिस सहायता केंद्र में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के साथ पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

