आगर-मालवा: आगर-मालवा शहर के डिपो क्षेत्र में रविवार को 25 से 30 कौओं की अचानक मौत हो गई। कई स्थानों पर पक्षियों के शव मिले, जबकि कुछ कौए तड़पते हुए नजर आए। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद संक्रमण फैलने की आशंका को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता है। पशु चिकित्सा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृत कौओं के पोस्टमार्टम और नमूनों की प्रयोगशाला जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
अचानक अचेत होकर गिरने लगे कौए
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रविवार को डिपो क्षेत्र में अचानक कौए अचेत होकर जमीन पर गिरने लगे। कुछ ही देर में कई पक्षियों की मौत हो गई, जबकि कुछ गंभीर हालत में तड़पते दिखाई दिए। अलग-अलग स्थानों पर पक्षियों के शव मिलने से रहवासियों में दहशत फैल गई। लोगों ने आशंका जताई कि कौओं की मौत किसी संक्रामक बीमारी या जहरीले पदार्थ के संपर्क में आने से हुई हो सकती है।
तीन साल पहले बर्ड फ्लू की हुई थी पुष्टि
डिपो क्षेत्र में कौओं की सामूहिक मौत की घटना पहले भी सामने आ चुकी है। करीब तीन साल पहले इसी इलाके में बड़ी संख्या में कौए मृत मिले थे। उस समय पशु चिकित्सा विभाग की ओर से भेजे गए नमूनों की जांच में बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई थी। अब दोबारा इसी क्षेत्र में कौओं की मौत होने से पुरानी घटना की यादें ताजा हो गई हैं। हालांकि, मौजूदा मामले में बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी पढे़ं: अनूपपुर में ट्रक से टकराई बोलेरो, सेना के जवान समेत तीन की मौत; एक गंभीर
प्रयोगशाला की रिपोर्ट का इंतजार
पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पशु चिकित्सक डॉ. महाजन ने बताया कि मृत कौओं का वैज्ञानिक तरीके से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके लिए जरूरी नमूने और शव प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मौत की वजह बर्ड फ्लू संक्रमण है, किसी जहरीले पदार्थ का प्रभाव है या कोई अन्य चिकित्सीय कारण। विभाग ने फिलहाल किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले रिपोर्ट का इंतजार करने की बात कही है।

