इंदौर: पीडब्ल्यूडी की एग्जीक्यूटिव इंजीनियर आरती यादव की संदिग्ध मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। मृतका के परिजनों ने अब राष्ट्रपति को शिकायत भेजकर उनके पति नितेश यादव और ससुर केशव यादव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। परिजनों ने इंदौर पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि मामले से जुड़े साक्ष्य देने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में कार्रवाई नहीं की।
आरती यादव की 24 जुलाई 2026 को पलासिया थाना क्षेत्र स्थित उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने उनके पति नितेश यादव और ससुर केशव यादव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज किया था। फिलहाल मामला अदालत में विचाराधीन है।
डायरी में प्रताड़ना और दूसरी महिलाओं से संबंधों का जिक्र
आरती के भाई उपेंद्र जरिया ने राष्ट्रपति को भेजी शिकायत में कहा है कि बहन की मौत के बाद घर से एक डायरी मिली थी। इसमें आरती ने अपने पति और ससुर को लेकर कई बातें लिखी थीं। परिजनों के मुताबिक, डायरी में पति के दूसरी महिलाओं से संबंध होने का भी उल्लेख है। भाई का आरोप है कि जब आरती अपने पति को दूसरी महिलाओं से बातचीत करने से रोकती थीं, तो उन्हें प्रताड़ित किया जाता था।
पुलिस पर साक्ष्यों की अनदेखी का आरोप
उपेंद्र जरिया ने आरोप लगाया कि वे मामले से जुड़े कई साक्ष्य इंदौर पुलिस को उपलब्ध करा चुके हैं, लेकिन अब तक हत्या का मामला दर्ज नहीं किया गया। उनका दावा है कि आरती के ससुर भोपाल में एक बड़े पद पर पदस्थ हैं और इसी वजह से पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई करने से बच रही है।
परिजनों ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर उन्होंने राष्ट्रपति से शिकायत की है। साथ ही इस मामले में इंदौर हाईकोर्ट में भी याचिका दायर की है। परिवार की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर पति और ससुर के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जाए।
ये भी पढ़ें: आगर-मालवा में 30 कौओं की मौत से हड़कंप, तीन साल पहले इसी इलाके में मिला था बर्ड फ्लू
पुलिस बोली- कोर्ट के फैसले के आधार पर होगी कार्रवाई
मामले में एसीपी निधि दंडोतिया का कहना है कि प्रारंभिक जांच के आधार पर पति और ससुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। पूरा मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है। कोर्ट जो निर्णय करेगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

