Monday, November 23, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsएशिया पावर इंडेक्स में भारत तीसरे स्थान पर, पीएम मोदी को क्षेत्र...

एशिया पावर इंडेक्स में भारत तीसरे स्थान पर, पीएम मोदी को क्षेत्र का दूसरा सबसे प्रभावी नेता माना

नई दिल्ली: एशिया में भारत का क्षेत्रीय प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित लोवी इंस्टीट्यूट की ओर से जारी ‘एशिया पावर इंडेक्स 2026’ में भारत ने दुनिया की प्रमुख शक्तियों में अपनी जगह मजबूत करते हुए तीसरा स्थान बरकरार रखा है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का कुल पावर स्कोर 0.5 अंक बढ़कर 40.5 हो गया है। वर्ष 2018 में इस सूचकांक की शुरुआत के बाद भारत और चीन की शक्ति के बीच अंतर अब सबसे कम स्तर पर पहुंच गया है।

रक्षा और कूटनीतिक संबंधों से बढ़ा प्रभाव

लोवी इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने 2026 में अपनी प्रमुख क्षेत्रीय शक्ति की स्थिति को और मजबूत किया है। दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ बढ़ते रक्षा सहयोग और ब्रह्मोस मिसाइल की बिक्री से भारत के रक्षा नेटवर्क को मजबूती मिली है। इस क्षेत्र में भारत के स्कोर में 2.1 अंकों का सुधार हुआ है।

इसके अलावा सैन्य क्षमता में 0.5 और भविष्य के संसाधनों के स्कोर में 1.2 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई। व्यापार और निवेश के मामले में भी भारत का प्रदर्शन स्थिर रहा। वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल रहा, जिनके आर्थिक संबंधों में गिरावट नहीं आई।

सांस्कृतिक प्रभाव में सबसे ज्यादा सुधार

रिपोर्ट में भारत के आठ प्रमुख शक्ति मानकों पर आकलन किया गया है। इनमें सांस्कृतिक प्रभाव के मामले में भारत को सबसे ज्यादा 2.3 अंकों का फायदा हुआ। इसका कुल स्कोर बढ़कर 43.8 हो गया।

कूटनीतिक प्रभाव के मामले में भारत 70.3 अंकों के साथ मजबूत स्थिति में रहा। हालांकि, खाड़ी क्षेत्र में संघर्ष के दौरान भारत के सीमित कूटनीतिक रुख का असर प्रधानमंत्री मोदी के वैश्विक नेतृत्व को लेकर विशेषज्ञों के आकलन पर पड़ा।

आर्थिक क्षमता भारत का कमजोर पक्ष रही। इस श्रेणी में स्कोर 0.7 अंक घटकर 26.4 रह गया। वहीं, आर्थिक संबंधों और लचीलेपन के स्कोर में कोई बदलाव नहीं हुआ।

अमेरिका और चीन के बीच भी घटा अंतर

सूचकांक में अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले और चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। दोनों देशों के बीच अंतर घटकर महज 5.3 अंक रह गया है। वर्ष 2018 में सूचकांक शुरू होने के बाद यह सबसे कम अंतर है। दोनों की सैन्य क्षमताओं के बीच का अंतर भी अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है।

अमेरिका के कूटनीतिक प्रभाव में छह अंकों की गिरावट आई है और इसका स्कोर 76.7 रह गया। यह अब तक की सबसे बड़ी गिरावट है। ईरान के साथ युद्ध, दंडात्मक आयात शुल्क और दक्षिण कोरिया के साथ सैन्य अभ्यास कम करने की मांग को इसके प्रमुख कारणों में गिना गया है।

अमेरिका-चीन के बीच कायम है दो ध्रुवीय व्यवस्था

लोवी इंस्टीट्यूट के दक्षिण-पूर्व एशिया कार्यक्रम के निदेशक और एशिया पावर इंडेक्स के प्रमुख हंटर मार्स्टन के अनुसार, क्षेत्र में कई बदलावों के बावजूद शक्ति संतुलन अब भी मुख्य रूप से अमेरिका और चीन के इर्द-गिर्द केंद्रित है। दोनों देशों का क्षेत्रीय प्रभाव बरकरार है और किसी अन्य शक्ति समूह ने अभी इस स्थिति को नहीं बदला है।

ये भी पढ़ें: गुरु नानक जयंती कल, एमपी, यूपी, दिल्ली और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में बैंक रहेंगे बंद, नहीं होगा कामकाज, डिजिटल सेवाएं रहेंगी चालू

क्या है एशिया पावर इंडेक्स

एशिया पावर इंडेक्स 2026 में एशिया के 27 देशों और क्षेत्रों का 131 संकेतकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया है। इसमें आर्थिक क्षमता, सैन्य ताकत, भविष्य के संसाधन, आर्थिक संबंध, रक्षा नेटवर्क, कूटनीतिक प्रभाव और सांस्कृतिक प्रभाव जैसे मानक शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, भारत की बढ़ती रक्षा साझेदारी, स्थिर आर्थिक संबंध और सांस्कृतिक पहुंच ने क्षेत्र में उसके प्रभाव को बढ़ाने में योगदान दिया है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन