उज्जैन: जिले के प्रसिद्ध खड़े हनुमान मंदिर की ख्याति अब देश ही नहीं, विदेशों तक पहुंच रही है। कंठाल से छत्री चौक मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान खड़े हनुमानजी अपनी जगह पर अडिग रहे थे। इसके बाद मंदिर को लेकर लोगों की आस्था और चर्चा और बढ़ गई। अब यहां दर्शन के लिए विदेशी श्रद्धालु भी पहुंच रहे हैं। मंदिर की दान पेटी से अमेरिका, जॉर्डन, नेपाल और दुबई की करेंसी भी मिली है। विदेशी मुद्रा मिलने के बाद मंदिर की चर्चा सोशल मीडिया पर भी हो रही है।
नेपाल से करीब 200 लोगों का जत्था दर्शन के लिए आया
मंदिर के पुजारी महेश बैरागी ने बताया कि हाल ही में नेपाल से करीब 200 लोगों का जत्था दर्शन के लिए आया था। श्रद्धालुओं ने नेपाली मुद्रा अर्पित की। वहीं, अमेरिका से आए एक दंपती ने मंदिर में 5 अमेरिकी डॉलर चढ़ाए।
इसके अलावा एक अन्य भक्त ने 5 यूरो अर्पित किए। दंपती ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर खड़े हनुमानजी के चमत्कार के बारे में सुना था। इसके बाद वे दर्शन करने से खुद को रोक नहीं पाए।
ये भी पढ़ें: कॉलेज की चूक से अटकी बीडीएस सीट, हाईकोर्ट ने छात्रा को 25 नवंबर तक प्रवेश देने का दिया आदेश
विदेशों से भी लोग खड़े हनुमानजी के दर्शन करने आ रहे
खड़े हनुमानजी फिलहाल टेंट में विराजमान हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर उनकी चर्चा लगातार बनी हुई है। अब सिक्किम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश जैसे पूर्वोत्तर राज्यों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
पुजारी महेश बैरागी के मुताबिक, देशभर से आने वाले भक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पहले आसपास के राज्यों से श्रद्धालु पहुंचते थे, लेकिन अब दूर-दराज के राज्यों और विदेशों से भी लोग खड़े हनुमानजी के दर्शन करने आ रहे हैं।

