नई दिल्ली: आसमान में भारत की ताकत बढ़ने वाली है। स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस Mk-1A की डिलीवरी को लेकर बड़ा अपडेट आया है। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने 31 मार्च 2027 तक भारतीय वायुसेना को 16 से 18 तेजस फाइटर जेट सौंपने का लक्ष्य रखा है। ये विमान आधुनिक रडार, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम और अत्याधुनिक हथियारों से लैस होंगे।
मार्च 2027 तक पूरी स्क्वॉड्रन देने का लक्ष्य
पिछले सप्ताह वायुसेना मुख्यालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में इस पर समीक्षा हुई। बैठक में वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित और HAL के चेयरमैन रवि के. शामिल हुए। अधिकारियों के अनुसार हार्डवेयर से जुड़ी दिक्कतें सुलझा ली गई हैं। AESA रडार और कुछ सॉफ्टवेयर का काम अंतिम चरण में है। वायुसेना ने साफ किया है कि परिचालन क्षमता और तकनीकी मानकों से कोई समझौता नहीं होगा।
डिलीवरी से पहले पूरे करने होंगे जरूरी परीक्षण
डिलीवरी से पहले HAL को बेंगलुरु स्थित CEMILAC से रिलीज टू सर्विस डॉक्यूमेंट और डायरेक्टरेट जनरल ऑफ एयरोनॉटिकल क्वालिटी एश्योरेंस से सिग्नल-आउट सर्टिफिकेट लेना होगा। इनसे यह तय होगा कि विमान सुरक्षा मानकों और उड़ान सीमाओं के भीतर परिचालन के लिए तैयार है।
1.1 लाख करोड़ में खरीदे जाएंगे 180 विमान
वायुसेना ने HAL को तेजस Mk-1A के कुल 180 विमानों का ऑर्डर दिया है। पहला ऑर्डर फरवरी 2021 में 83 विमानों का था। दूसरा ऑर्डर सितंबर 2025 में 97 विमानों का हुआ। कुल कीमत करीब 1.1 लाख करोड़ रुपये है। पहले ऑर्डर की डिलीवरी मार्च 2024 से शुरू होनी थी, लेकिन अमेरिकी कंपनी GE Aerospace से F404-IN20 इंजन की आपूर्ति में देरी और प्रमाणपत्र न मिलने से प्रोजेक्ट पिछड़ गया। अब पहला ऑर्डर अगले तीन से चार साल में पूरा करने की तैयारी है। दूसरे ऑर्डर की डिलीवरी 2027-28 से शुरू हो सकती है।
वायुसेना के पास जरूरत से कम स्क्वॉड्रन
यह डिलीवरी इसलिए भी अहम है क्योंकि वायुसेना के पास स्वीकृत 42.5 स्क्वॉड्रन के मुकाबले फिलहाल करीब 29 स्क्वॉड्रन ही हैं। पिछले साल मिग-21 को विदाई दे दी गई थी। ऐसे में पुराने विमानों की जगह आधुनिक स्वदेशी विमानों को शामिल करना जरूरी है।
यह भी पढ़ें: खड़े हनुमान मंदिर में विदेशी भक्तों की आस्था: दान पेटी से निकली अमेरिका, जॉर्डन, नेपाल और दुबई की करेंसी
पुराने तेजस से कितना अलग है Mk-1A?
तेजस Mk-1A पुराने तेजस से काफी उन्नत है। इसमें AESA रडार है, जिससे दुश्मन के विमानों का पता लगाने और ट्रैक करने की क्षमता बेहतर होती है। इसमें एडवांस्ड सेल्फ प्रोटेक्शन जैमर और रडार वॉर्निंग सिस्टम है। इसमें अस्त्र जैसी बियॉन्ड विजुअल रेंज मिसाइल और ASRAAM जैसी कम दूरी की मिसाइलें लगेंगी। आधुनिक कॉकपिट, मल्टीफंक्शन डिस्प्ले और एयर-टू-एयर रिफ्यूलिंग की सुविधा भी है।
तेजस Mk-2 पर भी चल रहा काम
HAL तेजस Mk-2 पर भी काम कर रहा है। इसके मुख्य ढांचे के हिस्सों को जोड़ने का काम पूरा हो गया है। मार्च 2027 तक इसका पहला ग्राउंड रन और उसी साल पहली उड़ान का लक्ष्य है। Mk-2 को मिराज-2000, मिग-29 और जगुआर की जगह लेने के लिए विकसित किया जा रहा है।
तेजस परियोजना रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम है। प्रोजेक्ट करीब दो साल पीछे चल रहा है, इसलिए अब सबकी नजर मार्च 2027 तक पहली पूरी स्क्वॉड्रन की डिलीवरी पर टिकी है।

