जबलपुर: मध्य प्रदेश में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रिश्वतखोरी के मामले में दमोह प्रधान डाकघर में पदस्थ उपमंडलीय निरीक्षक विनय शंकर अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने सोमवार, 23 नवंबर को आरोपी को 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। उसने शिकायतकर्ता से ड्यूटी पर दोबारा बहाली कराने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में रिश्वत की रकम 8 हजार रुपये तय हुई थी।
शिकायत के बाद सीबीआई ने बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, हितेश नामक व्यक्ति ने सीबीआई में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि दमोह प्रधान डाकघर में पदस्थ उपमंडलीय निरीक्षक विनय शंकर अग्रवाल ड्यूटी पर दोबारा बहाल कराने के एवज में उससे 10 हजार रुपये मांग रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने मामले की जांच की और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। 23 नवंबर को टीम ने दमोह प्रधान डाकघर परिसर स्थित आरोपी के कार्यालय में कार्रवाई की। इस दौरान जैसे ही अग्रवाल ने शिकायतकर्ता से 8 हजार रुपये लिए, सीबीआई की टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया। रिश्वत की रकम कार्यालय में उसकी मेज की दराज से बरामद की गई।
यह भी पढ़ें: श्योपुर में रेत माफिया का वन विभाग की टीम पर हमला, पांच आरोपी गिरफ्तार; जब्त ट्रैक्टर छुड़ाकर भागे थे
सागर स्थित आवास पर भी सीबीआई की तलाशी
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने दो स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इनमें दमोह स्थित उसका कार्यालय और सागर स्थित आवास शामिल हैं। जांच एजेंसी ने रिश्वतखोरी से जुड़े मामले में जरूरी दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की तलाश की।
सीबीआई ने आरोपी को 23 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

