इंदौर: शहर के फूटी कोठी ब्रिज के नीचे सब्जी मंडी हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को बुधवार सुबह कारोबारियों के विरोध का सामना करना पड़ा।
कार्रवाई के दौरान महिलाओं ने सब्जियां फेंककर विरोध जताया। इसी बीच कारोबारियों के समर्थन में पहुंचीं नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने एक निगम कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया।
घटना का वीडियो भी सामने आया
घटना का वीडियो भी सामने आया है। हंगामे के दौरान नगर निगम का एक अधिकारी सड़क पर गिर गया। मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सरकारी काम में बाधा डालने का केस दर्ज
नगर निगम के रिमूवल अधिकारी शिवराज यादव ने बताया कि मंडी खाली करा दी गई है। यहां दोबारा मंडी नहीं लगने देंगे। इंदौर पुलिस ने हिरासत में लिए गए 5 लोगों को द्वारकापुरी थाने ले जाने की बात कही है। सभी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का केस दर्ज किया जाएगा। शनिवार को भी मंडी हटाने पहुंची टीम का सोनिला मिमरोट, चिंटू चौकसे समेत कांग्रेस नेताओं ने विरोध किया था।
सब्जी की दुकानें हटाने का आरोप
कांग्रेस नेता राजू भदौरिया ने आरोप लगाया कि मंडी शुरू होते ही निगम कर्मियों ने बिना व्यवस्था किए सब्जी की दुकानें हटानी शुरू कर दीं। टाट-पट्टियां छीनीं और सब्जियां सड़क पर फैला दीं। पुलिस के साथ भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे और उन्होंने भी नेता प्रतिपक्ष सोनिला के साथ मारपीट की।
ये भी पढ़ें: महाकाल के दरबार में पहुंचे नीतीश राणा और युजवेंद्र चहल, भस्म आरती में हुए शामिल
कोई लिखित आदेश नहीं दिखाया गया
नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट के मुताबिक, मैंने अधिकारियों से लिखित आदेश मांगा। कहा कि आदेश मिलने पर पूरा सहयोग करेंगे, लेकिन कोई लिखित आदेश नहीं दिखाया गया। कार्रवाई के अधिकार को लेकर भी स्पष्ट जवाब नहीं मिला।
मिमरोट का कहना है कि सब्जी विक्रेता पुल के नीचे और खुले मैदान में कारोबार कर रहे थे, जिससे यातायात बाधित नहीं हो रहा था। कार्रवाई के दौरान गाली-गलौज, महिलाओं से धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। पुरुषों को घसीटकर ले जाया गया।
नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट जब पत्रकारों से बात कर रही थीं, तभी पुलिस उन्हें पकड़कर थाने ले गई।

