Thursday, November 26, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsसपा का चुनावी दांव: बेरोजगार ग्रेजुएट को हर महीने 5 हजार रुपये...

सपा का चुनावी दांव: बेरोजगार ग्रेजुएट को हर महीने 5 हजार रुपये भत्ता देने का वादा, शिक्षामित्रों को समान वेतन भी मिलेगा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने युवाओं, शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों को साधने के लिए बड़े वादे किए हैं। संविधान दिवस के मौके पर गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा का चुनावी घोषणा-पत्र ‘जन-मन का घोषणापत्र’ जारी किया। इसमें बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने पांच हजार रुपये भत्ता देने का वादा किया गया है। इसके साथ ही शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को शिक्षकों के बराबर वेतन देने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और बंद विद्यालयों को दोबारा खोलने की बात कही गई है।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणा-पत्र में किए गए वादों को हमेशा पूरा किया है। समय और जरूरत के हिसाब से नई योजनाओं और मुद्दों को भी पार्टी के एजेंडे में शामिल किया जाता रहा है।

युवाओं और कर्मचारियों के लिए किए बड़े वादे

घोषणा-पत्र में बेरोजगार युवाओं को हर महीने पांच हजार रुपये भत्ता देने का वादा किया गया है। पार्टी ने कहा है कि यह सहायता नौकरी मिलने तक दी जाएगी। इसके अलावा शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को शिक्षकों के बराबर वेतन देने के लिए काम करने की बात कही गई है।

अखिलेश ने आशा, आंगनबाड़ी, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन देने और समायोजन का लाभ दिलाने का भरोसा भी दिया। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना लागू करने की बात कही। शिक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि बंद किए गए विद्यालयों को फिर से शुरू किया जाएगा।

महिलाओं के लिए अलग घोषणा-पत्र आएगा

अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं यानी आधी आबादी के लिए पार्टी अलग से घोषणा-पत्र जारी करेगी। इसमें महिलाओं की जरूरतों और उनसे जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने का भी भरोसा दिलाया।

संविधान के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

संविधान दिवस पर अखिलेश यादव ने भाजपा और संविधान बदलने की बात करने वाली ताकतों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहते हैं और संविधान बदलने की साजिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘हमारा देश संविधान से चलेगा, मन-विधान से नहीं।’ अखिलेश ने कहा कि संविधान शोषित और वंचित वर्गों के लिए सुरक्षा कवच है। आरक्षण बचाने और समाज में समानता स्थापित करने के लिए सभी संविधान समर्थकों को एकजुट होना होगा।

आजम खां ने जेल के दिनों को याद कर कही भावुक बात

घोषणा-पत्र जारी करने के कार्यक्रम में सपा नेता आजम खां ने अपने जेल के दिनों का जिक्र किया। उन्होंने भावुक अंदाज में अखिलेश यादव से कहा कि अगर उन्होंने भी छह महीने जेल में बिताए होते तो वहां के हालात समझ पाते। आजम खां ने कहा, ‘हम बड़ी सख्त जान निकले। हम मरेंगे, लेकिन कुछ करके मरेंगे।’

इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खां ने जो बातें रखी हैं, उनसे वह खुद को जोड़ते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी ने घोषणा-पत्र में नई जरूरतों और परिस्थितियों को भी जगह दी है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

22 to 28 November 2026
15 to 21 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन