Thursday, November 26, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsक्लाउड पार्टिकल्स के नाम पर 1,917 करोड़ की ठगी, ED ने व्यूनाउ...

क्लाउड पार्टिकल्स के नाम पर 1,917 करोड़ की ठगी, ED ने व्यूनाउ ग्रुप की 39.73 करोड़ की संपत्ति कुर्क की

नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने निवेशकों से धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में व्यूनाउ ग्रुप के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी के जालंधर जोनल कार्यालय ने 17 नवंबर को जारी अनंतिम कुर्की आदेश के तहत 39.73 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क की हैं। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 की धारा 5(1) के तहत की गई है।

कुर्क की गई संपत्तियों में करीब 39.29 करोड़ रुपये मूल्य की 61 अचल संपत्तियां शामिल हैं। इनमें फ्लैट, आवासीय संपत्तियां और व्यावसायिक प्लॉट शामिल हैं। इसके अलावा बैंक खातों में जमा करीब 44.31 लाख रुपये भी कुर्क किए गए हैं। ये संपत्तियां व्यूनाउ इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड और कथित तौर पर अपराध से अर्जित रकम के इस्तेमाल से जुड़े अन्य व्यक्तियों व संस्थाओं के नाम पर हैं।

डेटा सेंटर की क्षमता को लेकर किया गया दावा

ईडी ने यह जांच उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के सेक्टर-58 थाने में दर्ज एफआईआर और देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज अन्य मामलों के आधार पर शुरू की थी। मामला व्यूनाउ ग्रुप की ‘माईक्लाउडपार्टिकल’ योजना से जुड़ा है। इसके तहत निवेशकों को ‘सेल एंड लीज-बैक’ मॉडल के जरिए डेटा सेंटर की संपत्तियों या ‘क्लाउड पार्टिकल्स’ में निवेश करने का प्रस्ताव दिया गया था।

कंपनी ने निवेशकों से 120 महीने तक निश्चित मासिक किराया देने का वादा किया था। जांच में सामने आया कि निवेशकों को डेटा स्टोरेज की जितनी क्षमता बताई गई थी, सर्वरों की वास्तविक क्षमता उससे काफी कम थी। ईडी के मुताबिक, कंपनी के पास निवेशकों को बताई गई डेटा स्टोरेज सुविधा वास्तव में मौजूद ही नहीं थी।

3,717 करोड़ जुटाए, 1,800 करोड़ लौटाए

जांच एजेंसी के अनुसार, क्लाउड पार्टिकल्स के नाम पर निवेशकों से कुल 3,717 करोड़ रुपये जुटाए गए। कंपनी ने शुरुआती निवेशकों को करीब 1,800 करोड़ रुपये वापस किए, जबकि शेष 1,917 करोड़ रुपये दूसरी जगह भेज दिए गए। इसके चलते निवेशकों को न तो वादे के मुताबिक रिटर्न मिला और न ही उनकी मूल निवेश राशि वापस की गई।

ये भी पढ़ें: सपा का चुनावी दांव: बेरोजगार ग्रेजुएट को हर महीने 5 हजार रुपये भत्ता देने का वादा, शिक्षामित्रों को समान वेतन भी मिलेगा

अब तक 236.95 करोड़ की संपत्ति कुर्क

इस मामले में ईडी पहले सुखविंदर सिंह खरौर, डिंपल खरौर और आरिफ निसार को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले की कार्रवाई में करीब 178.12 करोड़ और 19.1 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की गई थीं।

ईडी ने 24 अप्रैल 2025 को जालंधर की विशेष अदालत में आरोपियों और उनसे जुड़ी इकाइयों के खिलाफ अभियोजन शिकायत भी दाखिल की थी। अब की गई 39.73 करोड़ रुपये की कुर्की पिछली कार्रवाइयों के अतिरिक्त है। एजेंसी के मुताबिक, इस मामले में अब तक कुल 236.95 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

22 to 28 November 2026
15 to 21 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन