लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन ने शुक्रवार को 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए कई प्रमुख जिलों और पुलिस कमिश्नरेट की कमान बदली है। गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर (नोएडा) का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया है।
लक्ष्मी सिंह पिछले चार वर्षों से गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। अब उन्हें गाजियाबाद की कमान सौंपी गई है।
प्रशासनिक फेरबदल में लखनऊ और बरेली जोन के एडीजी भी बदल दिए गए हैं। लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन भेजा गया है, जबकि बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा को लखनऊ जोन की जिम्मेदारी दी गई है। लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस को वाराणसी का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। अलीगढ़ रेंज के डीआईजी प्रभाकर चौधरी अब लखनऊ रेंज के आईजी होंगे।
प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना बनाया गया है। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज भेजा गया है। सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह को आगरा और आगरा रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय को अलीगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। तकनीकी सेवाएं के डीआईजी आशीष तिवारी को सहारनपुर रेंज का डीआईजी बनाया गया है।
अयोध्या और मुरादाबाद के एसएसपी भी बदले
अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का एसएसपी बनाया गया है। वहीं, मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या भेजा गया है। गौतमबुद्धनगर की डीसीपी सुनीति को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में एसपी नियुक्त किया गया है।
पीएसी और अन्य इकाइयों में भी फेरबदल
आठवीं वाहिनी पीएसी बरेली के सेनानायक आकाश तोमर को डॉ. बीआर आंबेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद का एसपी बनाया गया है। 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद के सेनानायक अमित कुमार प्रथम को ईओडब्ल्यू का एसपी नियुक्त किया गया है। 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा के सेनानायक नरेंद्र कुमार सिंह को पीटीसी सीतापुर का एसपी बनाया गया है।
36वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी के सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पांडेय को एसपी कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं की जिम्मेदारी दी गई है। 30वीं वाहिनी पीएसी गोंडा के सेनानायक त्रिभुवन सिंह को एसपी जीआरपी मुख्यालय लखनऊ और 42वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज के सेनानायक राजेश कुमार श्रीवास्तव को एसपी अभिसूचना मुख्यालय बनाया गया है।
20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ के सेनानायक सुशील कुमार शुक्ला को एसपी पीटीएस गोरखपुर और 33वीं वाहिनी पीएसी झांसी के सेनानायक अजीत कुमार सिन्हा को एसपी यूपी पावर कॉरपोरेशन नियुक्त किया गया है।
कानपुर नगर के डीसीपी दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज कमिश्नरेट और प्रयागराज के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर भेजा गया है। गौतमबुद्धनगर की डीसीपी प्रीति यादव को 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा का सेनानायक बनाया गया है।
तीन अधिकारियों के तबादला आदेश निरस्त
शासन ने तीन अधिकारियों के पहले जारी किए गए स्थानांतरण आदेश भी निरस्त कर दिए हैं। पुनीत द्विवेदी को एडीसीपी गाजियाबाद, नीतू को एडीसीपी लखनऊ और अमित कुमावत को एडीसीपी आगरा बनाया गया है। इन अधिकारियों की लखनऊ, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में तैनाती के पूर्व के आदेश निरस्त कर दिए गए हैं।

