सागर। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र माता मढ़िया के पास शनिवार रात नकाबपोश बदमाशों ने खुलेआम उत्पात मचाया। करीब रात 8:30 बजे हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आया है , जिसके बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।
बदमाशों की दहशत
सीसीटीवी वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि माता मंदिर के बाजू वाले रास्ते पर कुछ युवक 3 मोटरसाइकिलों सेे आएं। उनके चेहरे मफलर से ढके हुए हैं और हाथों में चाकू दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान बदमाशों ने पहले एक ऑटो को रोका और उसके शीशे पर चाकू से वार किया। इसके बाद सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल को लात मारकर गिरा दिया।

इतना ही नहीं, बदमाशों ने पास ही स्थित पावन फोटोकॉपी के कांच और सामान में जमकर तोड़फोड़ की। बताया जा रहा है कि करीब 8:30 बजे से लेकर 9:45 बजे तक बदमाश इसी तरह इलाके में हंगामा करते रहे और दहशत फैलाते रहे। घटना के बाद सभी आरोपी मोटरसाइकिलों से मौके से फरार हो गए।
लोगों में फैला आक्रोश
घटना से आक्रोशित स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने माता मढ़िया के सामने चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
इस तरह की घटना से शहरवासियों में भारी नाराजगी है। लोगों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


