योग करते समय व्यक्ति की मौत, तुलसी सरोवर पार्क में मचा हड़कंप

शेयर करे

अशोकनगर। तुलसी सरोवर पार्क में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नियमित रूप से योग कर रहे एक व्यक्ति की अचानक मौत हो गई। मृतक की पहचान नरेंद्र सोनी के रूप में हुई है, जो रोजाना सुबह पार्क में योग करने आते थे। प्राथमिक जानकारी में मौत का कारण साइलेंट अटैक बताया जा रहा है, हालांकि ठंड लगने से तबीयत बिगड़ने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नरेंद्र सोनी सुबह अन्य लोगों के साथ योग कर रहे थे। सूर्य नमस्कार करने के बाद जैसे ही वे जमीन पर बैठने लगे, अचानक संतुलन बिगड़ गया और वे गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और पुलिस को सूचना दी।

घटना के समय देहात थाना मोबाइल प्रभात गश्त में प्रधान आरक्षक राजकुमार कुशवाह मौके पर ही मौजूद थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देरी किए नरेंद्र सोनी को वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि महज 3 से 4 मिनट में उन्हें अस्पताल पहुंचा दिया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, नरेंद्र सोनी वर्षों से नियमित रूप से योग कर रहे थे। इससे पहले भी योग के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के मामले सामने आ चुके हैं। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है। घटना के बाद पार्क में मौजूद लोगों में शोक का माहौल है।