महाराजपुर इलाके की राइस मिल में बड़ा हादसा, मौके पर एक मजदूर की मौत

शेयर करे

डोंगरगढ़। महाराजपुर इलाके में स्थित श्री जय गुरुदेव राइस मिल में बड़ा हादसा हो गया। बता दें राइस मिल परिसर में बनी ऊंची चिमनी अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय चिमनी के आसपास 25 से 30 मजदूर काम कर रहे थे।

 

एक मजदूर की मौत, दो गंभीर घायल

इस हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों और अन्य मजदूरों की मदद से घायलों को तुरंत बाहर निकाला गया और इलाज के लिए राजनांदगांव के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

मलबे में दबे होने की आशंका

चिमनी गिरने के बाद भारी मलबा फैल गया, जिसके चलते कुछ और मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा सुबह के समय हुआ, जब मिल में कामकाज अपने चरम पर था। अचानक चिमनी गिरने की तेज आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और मजदूर इधर-उधर भागने लगे।

जांच में जुटा प्रशासन

फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। यह भी जांच की जा रही है कि चिमनी की हालत पहले से जर्जर थी या फिर निर्माण में लापरवाही बरती गई थी। घटना के बाद से राइस मिल प्रबंधन की भूमिका भी जांच के घेरे में आ गई है।