रतलाम। शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत दो बत्ती चौपाटी पर सोमवार देर रात नशे की हालत में एक युवती ने जमकर हंगामा किया। युवती पर गाली-गलौज, मारपीट और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने के भी गंभीर आरोप लगे हैं। जिसके बाद पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चौपाटी पर शुरू हुआ हंगामा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती भिक्षावृत्ति करने वाले बच्चों को साथ लेकर पानी-पताशे (गोलगप्पे) की दुकान पर पहुंची थी। दुकान संचालक रमेश गुर्जर ने जब इस्तेमाल की गई जूठी प्लेट अलग रखने को कहा, तो युवती आपे से बाहर हो गई। आरोप है कि युवती दिव्या चौहान ने दुकान संचालक के साथ भी गाली गलौज की।
जिसका विरोध करने पर युवती और उसके साथी गौरव शर्मा ने दुकान संचालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस हंगामें को देखकर चौपाटी पर मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
थाने में भी नहीं थमा ड्रामा
जिसके बाद पुलिस दोनों आरोपियों को थाने ले गई, लेकिन वहां भी युवती का हाई-वोल्टेज ड्रामा जारी रहा। आरोप है कि थाने में टीआई के सामने भी युवती ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता के साथ हंगामा भी किया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी युवती दिव्या चौहान और उसके साथी गौरव शर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवती का हंगामा और पुलिस कार्रवाई साफ तौर पर देखी जा सकती है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर भी मामले की जांच कर रही है।


