देवास के श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर में फलों से सजी भव्य वाटिका, भक्तिमय माहौल में हुई विशेष आराधना

देवास। शहर के एमजी रोड पर स्थित रियासतकालीन श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। बजरंगबली की आराधना के विशेष दिन पर मंदिर को मौसम के ताजे और रंग-बिरंगे फलों से भव्य रूप से सजाया गया। पूरा मंदिर परिसर मानो फलों की सुरम्य वाटिका में परिवर्तित हो गया, जहाँ श्री खेड़ापति हनुमान जी अपने आराध्य प्रभु श्रीराम की भक्ति में लीन विराजमान नजर आए।

पुजारी ने दी जानकारी

मंदिर के पुजारी तृप्तेश उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि- मंगलवार होने के कारण प्रातःकाल विधिवत पूजन-पाठ, अभिषेक एवं महाआरती संपन्न की गई। इसके उपरांत हनुमान जी महाराज को सर्दी के मौसम में उपलब्ध होने वाले विशेष फलों सहित सभी प्रकार के ताजे फलों का नैवेद्य अर्पित किया गया।

साथ ही कहा कि- इस अद्भुत फल-वाटिका को तैयार करने में लगभग दो दिन का समय लगा। इसके लिए फल मंडी से विशेष रूप से चुनिंदा और उच्च गुणवत्ता वाले ताजे फल मंगवाए गए थे। सजावट के दौरान भक्तों की भावना और आस्था का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा।

मंगलवार को दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और बजरंगबली के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया। मंदिर परिसर में गूंजते जयकारों और भक्ति संगीत ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।