खूबसूरत झांसा, कॉल सेंटर खोलकर 1500 युवकों से शादी के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब

शेयर करे

ग्वालियर । विश्वास और रिश्तों की चाह को निशाना बनाकर ठगी का नया तरीका सामने आया है। ग्वालियर में युवतियों द्वारा संचालित कॉल सेंटर से शादी के नाम पर 1500 से अधिक अविवाहित युवकों को ठगने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है।
पुलिस ने एक ऐसे ठगी रैकेट का पर्दाफाश किया है, जिसने शादी की उम्मीद लगाए सैकड़ों युवकों को आर्थिक और मानसिक रूप से नुकसान पहुंचाया। भाटीपुर इलाके में चल रहे दो फर्जी कॉल सेंटरों पर छापा मारकर पुलिस ने 19 युवतियों को गिरफ्तार किया है, जो शादी के नाम पर अविवाहित युवकों से पैसे ऐंठ रही थीं।
जांच में सामने आया कि यह गिरोह छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, बिहार और मध्य प्रदेश के युवकों को निशाना बना चुका है। फर्जी फोटो और आकर्षक बायोडाटा के जरिए युवकों को जाल में फंसाया जाता था। शुरुआत में रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर 3 से 5 हजार रुपये लिए जाते, फिर 5 से 10 हजार रुपये के पैकेज में बातचीत का झांसा दिया जाता था।
इस पूरे रैकेट की सरगना राखी गौड़ और सीता उर्फ शीतल चौहान बताई जा रही हैं। कॉल सेंटर में काम करने वाली 17 युवतियां खुद को संभावित दुल्हन बताकर युवकों से बात करती थीं। वीडियो कॉल से जानबूझकर परहेज किया जाता था, क्योंकि जिन तस्वीरों का इस्तेमाल किया जाता था, वे असली कॉल करने वाली युवतियों की नहीं होती थीं।
कॉल सेंटर में काम करने वाली युवतियों को 5 से 6 हजार रुपये मासिक वेतन और ठगी की रकम पर 10 प्रतिशत इंसेंटिव दिया जाता था। युवकों का डेटा तिलेश्वर पटेल नामक व्यक्ति द्वारा विभिन्न मैरिज वेबसाइट और प्लेटफॉर्म से जुटाया जाता था।
एसएसपी धर्मवीर सिंह के अनुसार, यह मामला ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बढ़ती ठगी की घटनाओं की गंभीरता को दर्शाता है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह घटना युवाओं के लिए चेतावनी है कि ऑनलाइन रिश्तों और शादी के प्रस्तावों में सतर्कता बेहद जरूरी है।