बाबा महाकाल की भक्ति में लीन हुईं बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा, पुत्रदा एकादशी पर भस्म आरती में लिया हिस्सा

शेयर करे
उज्जैन; बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री नुसरत भरूचा ने आज पौष पुत्रदा एकादशी के पावन अवसर पर उज्जैन के विश्वविख्यात महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन किए। अभिनेत्री ने सुबह-सुबह आयोजित दिव्य भस्म आरती में भाग लिया और बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।
नुसरत भरूचा की महाकाल के दरबार में दूसरी यात्रा;
यह नुसरत भरूचा की महाकाल के दरबार में दूसरी यात्रा थी। भस्म आरती के दौरान वे नंदी हॉल में बैठकर शिव भक्ति में पूरी तरह डूबी नजर आईं। आरती में शामिल होने के बाद उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारी भीड़ के बावजूद सब कुछ बहुत सुगम और व्यवस्थित था। विशेष रूप से जल पात्र की व्यवस्था की तारीफ करते हुए उन्होंने बताया कि इससे पाइप के माध्यम से सीधे ज्योतिर्लिंग पर जल चढ़ाया जाता है, जो बहुत सुविधाजनक है।
नुसरत ने अपनी आस्था जाहिर करते हुए कहा, “सब लोग नए साल के जश्न में व्यस्त हैं, जल्द ही अंग्रेजी नया साल शुरू होने वाला है, लेकिन मैंने इसे बाबा महाकाल के दर्शन से शुरू करना सौभाग्य समझा।” दर्शन के बाद महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने उन्हें सम्मानित भी किया।नुसरत भरूचा की यह आध्यात्मिक यात्रा उनके प्रशंसकों के लिए प्रेरणादायक है, जो दिखाती है कि भक्ति में कोई धर्म या सीमाएं नहीं होतीं।