कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विधानसभा में गंदा पानी पीने से कई लोग बीमार,अस्पताल पहुंचे मंत्री

शेयर करे

इंदौर। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में गंदे पानी की सप्लाई से लोग बीमार पड़ गए। हैरानी की बात यह है कि यह मामला कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विधानसभा क्षेत्र भागीरथपुरा का है। नल में आ रहे दूषित पानी को पीने के बाद दर्जनों लोगों की तबीयत बिगड़ गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गंदा पानी पीने से कई लोग उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद निजी अस्पतालों में भर्ती कराए गए हैं, जबकि कुछ का घर पर ही इलाज जारी है। लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से नगर निगम में गंदे पानी की शिकायत की जा रही थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं हुई।

 

मामला सामने आने के बाद खुद मंत्री कैलाश देर रात अस्पताल पहुंचे और बीमार लोगों से मुलाकात की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि- यह जांच का विषय है कि पानी कैसे दूषित हुआ और लापरवाही कहां हुई। फिलहाल प्राथमिकता बीमार लोगों का इलाज है। आगे ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

नगर निगम की टीम ने क्षेत्र में पानी की सप्लाई की जांच शुरू कर दी है और दूषित पानी के स्रोत का पता लगाने की कार्रवाई जारी है।