उज्जैन। नया साल धार्मिक स्थलों पर मनाने के लिए लोगों में खासा उत्साह है । इसी क्रम में विश्व विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की 9 खिलाड़ी उज्जैन पहुँची। इन खिलाड़ियों में स्मृति मंदाना, अरूणदति रेड्डी, शैफाली वर्मा, स्नेह राणा, प्रियंका पाटिल, राधा यादव, रेणुका ठाकुर, प्रज्ञा रावत, नैंसी पटेल और इनके परिवार के सदस्य शामिल थे। ये सभी खिलाड़ी उज्जैन में देव दर्शन के लिए आए हुए हैं। मुख्य तौर पर बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए। नए साल की भस्मारती में शामिल होने आए श्रधालुओ में खासा उत्साह देखने को मिला।
महाकाल बाबा का हुआ श्रृंगार
दरअसल विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में नया साल अनूठे अंदाज में मनाया गया। यहाँ देश के कोने कोने से आए श्रधालुओ ने सुबह तीन बजे महाकाल की भक्ति में लीन होकर अपने नए साल की शुरुआत की। नए साल की पहली सुबह में बाबा महाकाल का पंचामृत अभिषेक हुआ अर्थात् दूध, दही, घी, शकर और शहद से बाबा को नहलाया गया । उसके बाद चंदन का लेपन कर सुगन्धित द्रव्य चढ़ाए और भाँग से श्रृंगारित किया गया । इस बीच पंडितो द्वारा मंत्रोचारण किए गए। फिर बाबा को श्वेत वस्त्र ओढ़ाकर भस्म रमाई गई । भस्मि भूत होने के बाद झांझ-मंजीरे,ढोल-नगाड़े और शंखनाद के साथ बाबा की भस्म आरती की गई ।


