प्रशासन से निराश किसान ने शनि देव से लगाई न्याय की गुहार, चोरी हुए पशुओं की वापसी और दोषियों को सजा की मांग

उज्जैन;  मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले की झारड़ा तहसील के ग्राम लोटिया जुनार्दा से एक अनोखा और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक किसान प्रशासनिक उदासीनता से इतना परेशान हो गया कि उसे न्याय की आस में भगवान शनिदेव के दरबार में पहुंचना पड़ा।
ग्राम लोटिया जुनार्दा के निवासी किसान हरि सिंह पटेल की मार्च 2025 में दो भैंसें और एक बछड़ा चोरी हो गए थे। चोरी की इस घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ, क्योंकि ये पशु उनकी आजीविका का मुख्य स्रोत थे। हरि सिंह ने तुरंत स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से जांच की गुहार लगाई। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन पर भी कई बार संपर्क किया, लेकिन नौ महीने से ज्यादा समय गुजर जाने के बावजूद न तो चोरी हुए पशुओं का कोई पता चला और न ही पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई की।
शनि भगवान के सामने ज्ञापन सौंपा; 
लगातार प्रयासों के बावजूद जब प्रशासन से कोई राहत नहीं मिली, तो निराश हरि सिंह पटेल शनि देव के मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने न्याय के देवता माने जाने वाले शनि भगवान के सामने एक ज्ञापन सौंपा और अपनी व्यथा सुनाई। ज्ञापन में किसान ने मुख्य रूप से चार मांगें रखीं:चोरी हुई दो भैंसें और बछड़ा जल्द वापस दिलाया जाए , चोरी के दोषियों को कड़ी सजा दी जाए , क्षेत्र में बढ़ती पशु चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए, यदि जांच में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की गलती सामने आए, तो उन्हें भी दंडित किया जाए।

किसान हरि सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा, “पुलिस और प्रशासन से सारी उम्मीदें टूट गईं। थाने के चक्कर काट-काटकर थक गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब भगवान शनि देव ही न्याय करेंगे, क्योंकि वे अन्याय करने वालों को कभी नहीं बख्शते।