उमरिया (मध्य प्रदेश), 03 जनवरी 2026: विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व एक बार फिर सुर्खियों में है। यहां ताला जोन में जंगल सफारी पर गए पर्यटकों को एक बाघ का अनोखा और दुर्लभ व्यवहार देखने को मिला, जिसे देखकर सभी रोमांचित हो गए। यह घटना शुक्रवार को सामने आई और इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
ताला जोन में सफारी पर निकले पर्यटकों की जिप्सियां जब वन मार्ग पर थीं, तभी सड़क किनारे एक शानदार रॉयल बंगाल टाइगर दिखाई दिया। बाघ मुंह ऊपर करके कुछ सूंघते हुए नजर आया और उसके होंठ ऊपर की ओर मुड़े हुए थे। यह अनोखा नजारा देखकर दोनों तरफ से आ रही जिप्सियां रुक गईं। पर्यटक दूर से ही इस दृश्य को कैमरे में कैद करने लगे।कुछ देर रुकने और इस व्यवहार को दिखाने के बाद बाघ आराम से वन मार्ग पार करके जंगल के दूसरे हिस्से में चला गया।
उच्च बाघ घनत्व और शानदार दर्शनों के लिए दुनिया भर में मशहूर;
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अपनी उच्च बाघ घनत्व और शानदार दर्शनों के लिए दुनिया भर में मशहूर है। ऐसे दुर्लभ व्यवहार पर्यटकों के लिए सफारी को और भी यादगार बना देते हैं। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ऐसे वीडियो जंगल की प्राकृतिक प्रक्रियाओं को समझने में मदद करते हैं और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और बाघ प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।


