लांजी। संयुक्त क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लांजी-किरनापुर क्षेत्र के पूर्व विधायक किशोर समरीते ने बीते दिनों टीवीएस और टाटा मोटर्स कंपनियों में रोजगार दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा बैंगलोर भेजे गये युवाओं के साथ धोखाधड़ी किये जाने के मामले में अपना बयान जारी किया।
पूर्व विधायक किशोर समरीते ने कहा
युवाओं के साथ धोखाधड़ी करते हुए उन्हें बैंगलोर की जगह तमिलनाडू भेजा दिया गया। जिसके बाद युवा अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं। बालाघाट जिले में कोचिंग संस्थानों के सहयोग से रोजगार मेले लगाए जा रहें है और इस संस्थान के लोग बेरोजगार युवकों से ठगी कर रहे हैं।
मैंगनीज खदानों को लेकर तंज
पूर्व विधायक ने कहा कि- एक ओर बालाघाट जिले में 35 मैंगनीज खदानें है जिन्हें भारत सरकार से केप्टिव लीज दी गई है, उसका मतलब यह है की खदान में पहले प्रोसेसिंग प्लांट लगाएंगे, उसके बाद मैंगनीज की खुदाई करेंगे। किंतु इसके विपरीत सभी मैंगनीज खदान के लीजधारक जिसमें मैंगनीज ओर इंडिया लिमिटेड की भरवेली, उकवा और तिरोड़ी खदान शामिल हैं, बिना प्रोसेसिंग प्लांट लगाए खुदाई कर रहे हैं।
इसी तरह हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की भी कैप्टिव लीज है, जिसका प्रोसेसिंग प्लांट खेतड़ी राजस्थान में लगा है जो नियम विरूद्ध है। जबकि एचसीएल को कॉपर की प्रोसेसिंग मलाजखंड में ही करना चाहिए। निजी क्षेत्र की मैंगनीज दोहन करने वाली कंपनियों में जे.के. मिनरल्स, पेसिफिक मिनरल्स, डी.पी. राय ऐसी 35 खदानों के मालिक जिन्होने बिना प्रोसेसिंग लगाए करोड़ों का मैंगनीज खोदकर बेच रहे हैं। कलेक्टर को इनकी परिवहन अनुज्ञा (टी.पी.) तत्काल बंद करना चाहिए। अगर ये कंपनियां प्रोसेसिंग प्लांट लगाती है तो जिले में एक लाख से ज्यादा नौजवानों को रोजगार मिलेगा, इस दिशा में जिला प्रशासन को काम करना चाहिए।
सीबीआई जांच की मांग
साथ ही जिले में नियम विरूद्ध चल रहे कोचिंग संस्थानों को सील करना चाहिए। चालीसबोड़ी के युवक अनिल वरकड़े की मौत की सीबीआई जांच होना चाहिए। इन कंपनियों द्वारा बेरोजगार नौजवानों को झूठा आश्वासन देकर नौकरी के नाम पर ले जाया गया, जो इनके साथ धोखा है। इन कंपनियों के प्रबंध संचालकों को भी युवाओं से ठगी करने के मामले में तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए। पूर्व विधायक समरीते ने पुलिस अधीक्षक बालाघाट से कहा है कि- वह अपना ध्यान पुलिसिंग में लगाएं और इस तरह की नाटक नौटंकी बंद करें।
पुलिस महानिदेशक, लोकायुक्त को लिखा पत्र
पूर्व विधायक किशोर समरीते ने पुलिस महानिदेशक, लोकायुक्त पुलिस भोपाल को पत्र लिखकर बालाघाट जिले के दक्षिण वनमंडल सामान्य के वन परिक्षेत्र लांजी पूर्व सामान्य और लांजी पश्चिम सामान्य में दिनांक 1.1.2022 से 12.11.2025 तक ठेकेदारों और सप्लायरों के भुगतान की जांच करने की मांग की है।
साथ ही पूर्व विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि- इन परिक्षेत्रों की केश बुक, चेक बुक, बेलेंस शीट और प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति के आधार पर कराये गये कार्यों से ठेकेदारों एवं सप्लायरों को किये गये भुगतान की जांच करना अति आवश्यक है। साथ ही इन परिक्षेत्रों में पास आर्डर, मेडिकल बिलों के भुगतान और मजदूरों के भुगतान की भी जांच की जाना चाहिए।
समरीते ने मांग की है कि इन परिक्षेत्रों की तीन वर्ष की आडिट रिपोर्ट एवं आडिट आपत्तियों की भी जांच की जानी चाहिए। वनमण्डलाधिकारी एवं उप वनमण्डलाधिकारी द्वारा भुगतान के व्हाउचरों की सत्यापन रिपोर्ट की भी जांच की जाए। उक्त पत्र की प्रतिलिपि माननीय लोकायुक्त महोदय भोपाल, सचिव माननीय लोकायुक्त भोपाल, प्रमुख सचिव वन विभाग म.प्र. शासन भोपाल, मुख्य अभियंता लोकायुक्त कार्यालय भोपाल को भेजी गई है ।


