जीएसटी टीम ने सतना के ज्वेलर्स पर मारा छापा, स्टाक में गड़बड़ी की आशंका

शेयर करे

सतना। राज्य जीएसटी ने बुधवार की दोपहर सतना की एक फर्म पर छापेमार कार्रवाई को अंजाम दिया है। जानकारी के अनुसार जीएसटी टीम ने कर चोरी के शक में 2 ज्वेलरी शोरूम पर दबिश दी। ज्वेलर्स द्वारा निर्धारित स्टॉक का सत्यापन न होने के शक में दुकान को सीज किया गया है। इस कार्रवाई के बाद सराफा व्यापारियों में भय का माहौल बना हुआ है।
राज्य जीएसटी ने ज्वेर्स द्वारा कर चोरी करने की आशंका मामले में सतना के पन्नीलाल चौक स्थित श्रीकृष्ण ज्वेलर्स शोरूम और सहयोगी फर्म मां भगवती ज्वेलर्स में एक साथ छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया। श्रीकृष्ण ज्वेलर्स के संचालक रोहित अग्रवाल और दूसरी में उनकी पत्नी प्रोपराइटर हैं। सूत्रों के अनुसार जमा किए गए रिटर्न में चालू वित्त वर्ष में अब तक 5 से 6 करोड़ की सेल बताई गई है। जबकि टैक्स की राशि नकद जमा करने की बजाय उसे आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) से सेटलमेंट किया गया है।
छापे में दर्जनों अधिकारियों की टीम
कार्यवाई बुधवार की दोपहर प्रारंभ की गई थी लेकिन दस्तावेज और स्टॉक का सत्यापन नहीं होने के चलते देर रात में शोरूम को सीज कर दिया गया है। गुरुवार को फिर से जांच शुरू होगी। अधिकारियों की एक टीम रोहित अग्रवाल के टिकुरिया टोला स्थित निवास भी जांच के लिए गई, लेकिन वहां से कुछ घंटों बाद वापस आ गई। यह कार्रवाई स्टेट जीएसटी सतना संभाग के ज्वाइंट कमिश्नर उमेश तिवारी के निर्देश पर की गई।