उज्जैन में दबंगई आई सामने, अतिक्रमण हटाने पर महिला से मारपीट

शेयर करे

उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में आस्था के केंद्र अब दबंगई के अखाड़े बनते जा रहे हैं। हरसिद्धि माता मंदिर के सामने अतिक्रमण के खिलाफ आवाज उठाना एक महिला दुकानदार को भारी पड़ गया। शिकायत के बाद कार्रवाई तो हुई, लेकिन उसके बाद महिला को सरेआम पीटा गया, वो भी कैमरों के सामने।
उज्जैन के शक्तिपीठ हरसिद्धि मंदिर परिसर के सामने अतिक्रमण को लेकर उपजा विवाद अब कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। मंदिर समिति की दुकान नंबर 23 का संचालन करने वाली राधा प्रजापति ने अपनी दुकान के सामने अवैध रूप से लगाई गई दुकानों की शिकायत नगर निगम से की थी। शिकायत पर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाया।
लेकिन कार्रवाई के बाद दबंगों का गुस्सा फूट पड़ा। निगम टीम के जाते ही आरोपियों ने राधा प्रजापति के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें साफ दिख रहा है कि महिला का गला दबाया गया और उसके साथ बेरहमी से हाथापाई की गई।
पीड़िता राधा प्रजापति का कहना है कि आरोपी आए दिन अतिक्रमण करते हैं और विरोध करने पर झगड़ा करते हैं। इस बार भी सिर और गाल पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद थाना महाकाल पुलिस ने तीन आरोपियों, यशपाल उर्फ मोंटू और सोनू सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि महिला का मेडिकल कराया गया है और फुटेज को सबूत के तौर पर जांच में शामिल किया गया है। यह घटना न सिर्फ महिला सुरक्षा बल्कि धार्मिक स्थलों के आसपास बढ़ती दबंगई पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।