सूनी दुकानों में आग लगाने की कोशिश हुई नाकाम, सीसीटीवी में कैद हुई हरकत

शेयर करे

सतना। रात के अंधेरे में अज्ञात युवक ने दुकानों पर पट्रोल छिड़ककर आग लगाने की घटना सामने आई। युवक ने यह कदम क्यां उठाया इसका खुलासा नहीं हो सका है। पूरी घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शुक्रवार रात कोठी बाजार की आम-सी दिखने वाली खामोशी के पीछे एक खतरनाक साजिश पल रही थी। हाथ में पेट्रोल और इरादों में आग लिए एक युवक दुकानों के बीच मौत का खेल रचने पहुंचा। चंद मिनटों की यह हरकत पूरे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल बन गई।
जिले के कोठी कस्बे में बीती रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक अज्ञात युवक ने बाजार स्थित दो दुकानों को आग के हवाले करने की कोशिश की। यह पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिससे पुलिस को जांच की अहम कड़ी मिल गई है।
घटना संदीप कुमार सेन की सैलून दुकान और उससे सटी ऑनलाइन कंप्यूटर शॉप के सामने हुई। फुटेज में युवक पहले आसपास पड़े कचरे को इकट्ठा करता दिखता है, फिर बोतल से पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास करता है। गनीमत रही कि आग पूरी तरह भड़कने से पहले ही बुझ गई, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार आसपास के घरों, दुकानों और मुख्य सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। युवक का चेहरा आंशिक रूप से कैमरे में दिखा है, जिससे उसकी पहचान की उम्मीद बढ़ गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना के पीछे व्यक्तिगत रंजिश थी या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा। पुलिस सभी संभावित एंगल, व्यापारिक दुश्मनी, नशे की हालत, या किसी संगठित गिरोह की भूमिका भी जांच कर रही है।