ग्वालियर। शहर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 7 स्थित अर्नब ग्रीन सिटी में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब इलाके में बिछाई गई 22 इंच की पानी की मुख्य पाइपलाइन अचानक फट गई। पाइपलाइन इतनी तेज फटी की लोगों को लगा भूकंप आ गया है। पाइपलाइन फटने की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सड़क में बना गहरा गड्ढा
पाइपलाइन फटने के बाद सड़क में गहरा गड्ढा हो गया, वहीं कई स्थानों पर जमीन पूरी तरह खोखली हो गई। हादसे में कई घरों के चबूतरे और दरवाजे भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पानी फैलने से पूरे इलाके में दलदल जैसे हालात बन गए।
सूचना के बावजूद देर से पहुंची नगर निगम टीम
सूत्रों से पता चला है कि इस घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने सुबह ही नगर निगम अधिकारियों को दे दी थी, लेकिन निगम की टीम दोपहर तक पहुंची। जिसके बाद टीम ने महज 15 मिनट में मौका मुआयना किया और फिर वापस लौट गई। जिसको लेकर स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
शाम को सामने आया सीसीटीवी फुटेज
घटना का सीसीटीवी फुटेज शाम के समय सामने आया, जिसमें पाइपलाइन फटते ही सड़क धंसने और पानी के तेज बहाव को साफ देखा जा सकता है। फुटेज सामने आने के बाद नगर निगम की लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों की मांग
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराई जाए, इलाके में सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं और क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कर मुआवजा दिया जाए।


