बेल्ट-चप्पल से मारपीट का आरोप: दून मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का चौंकाने वाला खुलासा, जांच शुरू

शेयर करे

देहरादून। उत्तराखंड के गवर्नमेंट दून मेडिकल कॉलेज (पटेल नगर) में सीनियर छात्रों द्वारा फर्स्ट ईयर MBBS छात्र की पिटाई, MBBS छात्रों के साथ कथित रैगिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। इसमें आरोप है कि जूनियर्स को बेल्ट से पीटा गया। इस घटना के कारण छात्र मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गया है। वह गहरे मानसिक तनाव में है और उसे लगातार किसी अनहोनी व बदले की कार्रवाई का भय सता रहा है।

कॉलेज प्रशासन का रिएक्शन

मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. गीता जैन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि- कॉलेज में रैगिंग के प्रति जीरो टॉलरेंस पॉलिसी है। एंटी-रैगिंग कमेटी इसकी विस्तृत जांच कर रही है। डिसिप्लिन कमेटी ने छात्रों के बयान रिकॉर्ड कर लिए हैं। आरोप साबित होने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, जिसमें सस्पेंशन भी शामिल हो सकती है।प्रशासन ने पहले से ही 24 छात्रों पर अनुशासनहीनता के लिए जुर्माना लगाया है, जो इस तरह की घटनाओं पर सख्त रुख दिखाता है।

कॉलेज का पुराना इतिहास

दून मेडिकल कॉलेज में पहले भी रैगिंग के मामले सामने आ चुके हैं। बता दें सितंबर 2023 में एक इंटर्न और 7 सीनियर छात्रों को सस्पेंड किया गया था। वहीं नवंबर 2019 में भी 6 छात्रों पर कार्रवाई हुई थी।