इंदौर। दिल्ली में हुए यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन का असर अब इंदौर तक पहुँच गया है। जहां भाजयुमो और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त टकराव हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया और कई लोग घायल हो गए।
दिल्ली की घटना के विरोध में BJP का मार्च
शुक्रवार को भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस के शर्टलेस विरोध प्रदर्शन ने पूरे देश में बहस छेड़ दी है। इसी का विरोध जताते हुए- भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ता इंदौर के कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पहुँचे। उनका आरोप था कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के मंच पर किए गए इस अर्धनग्न प्रदर्शन से देश की प्रतिष्ठा को आघात पहुंचा है।
जैसे ही भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कार्यालय का घेराव शुरू किया, बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक भी मौके पर पहुँच गए। दोनों दलों के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए एक-दूसरे के आमने-सामने खड़े हो गए। पुलिस ने बीच में बैरिकेडिंग तो लगा दी, लेकिन गुस्से में उबल रहे प्रदर्शनकारियों ने कुछ देर बाद पथराव शुरू कर दिया।
पथराव से बिगड़े हालात
कुछ ही मिनटों में माहौल तनावपूर्ण हो गया। दोनों तरफ से जमकर पत्थर फेंके गए, जिसके चलते कई कार्यकर्ता घायल हो गए। पुलिस ने तुरंत घायलों को अस्पताल भेजा और भीड़ को तितर-बितर किया।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस की ओर से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यालय पहुँचे थे, जिससे हालात और बिगड़ गए। पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिशें की गईं, लेकिन पथराव लंबे समय तक जारी रहा।
सौगत मिश्रा का बयान
भाजयुमो नगर अध्यक्ष सौगत मिश्रा ने कहा कि- जब दुनिया भारत की एआई क्षमता की तारीफ कर रही है, तब राहुल गांधी के इशारे पर ऐसा प्रदर्शन करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह देश की छवि को धूमिल करने की सुनियोजित कोशिश है।


