आखिर कौन है वे तीन युवा कांग्रेसी नेता जिन पर भिड़ गए तीन राज्य और पुलिस प्रशासन

शेयर करे

शिमला। दिल्ली में आयोजित कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रभाव सम्मेलन के दौरान किए गए शर्टलेस विरोध प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने युवा कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं सौरभ सिंह, अरबाज खान और सिद्धार्थ को हिमाचल प्रदेश से हिरासत में लिया। लेकिन उनकी गिरफ्तारी को लेकर शिमला में बड़ा विवाद खड़ा हो गया।
दिल्ली पुलिस जैसे ही आरोपियों को लेकर लौट रही थी, शिमला पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी गाड़ी रोक ली और अपने क्षेत्राधिकार में दर्ज मामले में जांच में शामिल होने को कहा। दोनों पुलिस बलों के बीच घंटों तक तकरार चलती रही। नाटकीय स्थितियां लगभग 21 घंटे तक बनी रहीं।
माचल पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में हरियाणा पुलिस भी शामिल थी और तीनों युवकों का पीछा दिल्ली में दर्ज प्रकरण के आधार पर किया गया था। अंततः गुरुवार तड़के दिल्ली पुलिस का काफिला हिमाचल की सीमा से बाहर निकला और पंजाब से गुजरते हुए हरियाणा के अंबाला में आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।
तीनों गिरफ्तार आरोपी भारतीय युवा कांग्रेस से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ता हैं। सौरभ सिंह उत्तर प्रदेश के अमेठी, अरबाज खान सुल्तानपुर और सिद्धार्थ मध्य प्रदेश के निवासी हैं। सिद्धार्थ कांग्रेस के सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ में भी काम कर चुके हैं। शिमला पुलिस ने दिल्ली पुलिस की एक गाड़ी जब्त कर ली है और जांच में सहयोग न करने पर नाराज़गी जताई है। पूरा मामला अब दिल्ली तथा हिमाचल के बीच प्रशासनिक समन्वय पर गंभीर प्रश्न खड़े कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *