चलती ट्रेन में खौफ मंजर, जिसने इंसानियत को झकझोर दिया

लखीमपुर। असम के लखीमपुर जिले से एक ऐसी खौफनाक घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। चलती ट्रेन के जनरल कोच में एक पिता ने अपनी ही 6 साल की मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी।

चलती ट्रेन में बना खौफ का मंजर

सूत्रों के मुताबिक, यह घटना डेकरगांव-मुरकोंगसेलेक एक्सप्रेस की है। आरोपी की पहचान सुनील मुर्मू के रूप में हुई है, जो धेमाजी जिले के गोगामुख का रहने वाला है। वह अपनी बेटी सुमी के साथ ट्रेन में सफर कर रहा था। यात्रा के समय बच्ची बार-बार खाने की जिद कर रही थी, इसी दौरान आरोपी का व्यवहार अचानक आक्रामक हो गया। कुछ ही देर में उसने अपने पास रखे धारदार हथियार से बच्ची पर हमला कर दिया। कोच में मौजूद लोग इस वीभत्स घटना से सन्न रह गए। पहले से ही आरोपी के व्यवहार से डरे यात्री दूसरे डिब्बों में जा चुके थे, जिसका फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया।

स्टेशन पर पकड़ा गया आरोपी

जैसे ही ट्रेन लखीमपुर के सिलानीबारी स्टेशन पर पहुंची, यात्रियों और स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। जिसकी सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर हथियार बरामद कर लिया। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

रहस्यमयी महिला की तलाश

वहीं मामले को और पेचीदा बनाती है एक अज्ञात महिला, जो घटना के वक्त आरोपी और बच्ची के साथ मौजूद थी। वारदात के बाद से वह लापता है। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह इस मामले में शामिल थी या घटना की कोई अहम कड़ी जानती है।

मामले पर पुलिस का कहना है कि- आरोपी की मानसिक स्थिति संदिग्ध लग रही है। वह पूछताछ के दौरान असामान्य व्यवहार कर रहा है। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि कहीं यह मामला अंधविश्वास, मानसिक असंतुलन या किसी पुरानी रंजिश से तो जुड़ा नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *