पाकिस्तान। ईरान-अमेरिका तनाव के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ एक अजीब विवाद में फंस गए हैं। सीजफायर को लेकर किए गए उनके एक सोशल मीडिया पोस्ट ने कूटनीतिक हलकों में चर्चा छेड़ दी है। आरोप है कि उन्होंने एक ड्राफ्ट मैसेज को बिना एडिट किए ही पोस्ट कर दिया, जिससे उनकी किरकिरी हो गई।
‘Draft Message’ से खुली पोल
जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई जब उनके आधिकारिक हैंडल से एक पोस्ट सामने आया, जिसमें “Draft – Pakistan’s PM Message” लिखा हुआ था। हालांकि बाद में इसे डिलीट कर संशोधित पोस्ट डाला गया, लेकिन तब तक स्क्रीनशॉट वायरल हो चुका था। इससे यह सवाल खड़ा हुआ कि क्या यह संदेश किसी बाहरी स्रोत से तैयार किया गया था।

मैसेज में क्या था खास?
बता दें इस संदेश में डोनाल्ड ट्रंप से अपील की गई थी कि- “वे ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई को दो हफ्तों के लिए टाल दें,ताकि कूटनीति को मौका मिल सके। साथ ही ईरान से हार्मुज जलडमरूमध्य खोलने की भी अपील की गई थी।“
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
पत्रकारों और यूजर्स ने इस पोस्ट की भाषा और प्रस्तुति पर सवाल उठाए। कई लोगों का मानना है कि यह मैसेज पाकिस्तान की बजाय किसी विदेशी कूटनीतिक चैनल से तैयार किया गया हो सकता है। आधिकारिक प्रतिक्रिया अब तक सामने नहीं आई है, जिससे अटकलें और तेज हो गई हैं।
इस बीच पाकिस्तान में यह भी चर्चा है कि शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर को ईरान-अमेरिका के बीच संभावित शांति प्रयासों के लिए नोबेल शांति पुरस्कार दिलाने की मांग उठाई जा रही है। कारोबारी संगठनों और कुछ समूहों ने खुलकर इसका समर्थन भी किया है।

