‘मन की बात ‘: न्यू इंडिया का विजन, संस्कृति से टेक्नोलॉजी तक

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’  के विशेष संस्करण में इस बार देश के विकास, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक तकनीकी प्रगति का एक अनोखा संगम देखने को मिला। पीएम ने न केवल भारत के सिविल न्यूक्लियर प्रोग्राम की उपलब्धियों को सराहा, बल्कि जनगणना के डिजिटलीकरण, नवीकरणीय ऊर्जा और भगवान बुद्ध के संदेशों को भी नए दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया।

आत्मनिर्भर भारत की ताकत

मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने भारत के सिविल न्यूक्लियर प्रोग्राम को देश की वैज्ञानिक क्षमता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया। उन्होंने उन वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई दी, जिन्होंने देश को ऊर्जा के क्षेत्र में मजबूत बनाया। पीएम ने कहा कि यह प्रोग्राम सिर्फ ऊर्जा उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत के भविष्य की सुरक्षा और सतत विकास का आधार भी है।

ग्रीन एनर्जी में भारत की छलांग

पीएम मोदी ने पवन ऊर्जा में भारत की उपलब्धियों को हाइलाइट करते हुए बताया कि देश की उत्पादन क्षमता अब 56 गीगावॉट से अधिक हो चुकी है। पिछले एक साल में करीब 6 गीगावॉट की नई क्षमता जुड़ना भारत के ग्रीन ट्रांजिशन की गति को दर्शाता है। उन्होंने लोगों से ऊर्जा बचाने और स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की अपील की।

भगवान बुद्ध के विचार

प्रधानमंत्री ने भगवान गौतम बुद्ध के जीवन दर्शन को आज की दुनिया के लिए बेहद जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि शांति बाहर नहीं, हमारे भीतर से शुरू होती है। वैश्विक तनाव के इस दौर में बुद्ध के करुणा और आत्मविजय के संदेश को अपनाना समय की मांग है। उन्होंने चिली में चल रही एक संस्था का भी जिक्र किया, जो बुद्ध के विचारों को वैश्विक स्तर पर फैला रही है।

प्रकृति का अनोखा चमत्कार

पीएम मोदी के भाषण का खास हिस्सा कच्छ का रण, जिसे फ्लेमिंगो सिटी के नाम से जाना जाता है। हर साल लाखों फ्लेमिंगो यहां आते हैं और पूरा इलाका गुलाबी रंग में रंग जाता है। स्थानीय लोग इन्हें ‘लाखा जी के बाराती’ कहते हैं, जो पर्यावरण संरक्षण का खूबसूरत प्रतीक बन चुके हैं।

डिजिटल जनगणना 2027

प्रधानमंत्री ने बताया कि आने वाली जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी, जो इसे दुनिया की सबसे बड़ी और आधुनिक जनगणना बनाएगी। इससे डेटा कलेक्शन अधिक सटीक और पारदर्शी होगा, जो नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।

इंडियन चीज़ का ग्लोबल जलवा

पीएम मोदी ने भारतीय डेयरी सेक्टर की तारीफ करते हुए बताया कि ब्राजील में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय चीज़ ब्रांड्स को सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि भारत की विविधता अब ग्लोबल फूड मार्केट में भी पहचान बना रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *