भोपाल। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा की अध्यक्षता में राज्य रेल सुरक्षा उच्चस्तरीय समन्वय समिति की बैठक पुलिस मुख्यालय, भोपाल में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य प्रदेश से होकर गुजरने वाले विस्तृत रेल नेटवर्क की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाना तथा आगामी बड़े आयोजनों के मद्देनजर रणनीतिक तैयारी सुनिश्चित करना था।
पुलिस महानिदेशक मकवाणा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेलवे सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर पूर्व तैयारी, सतत निगरानी और त्वरित समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुविधा मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक सुरक्षा रणनीति तैयार करने पर जोर दिया।
बैठक में रेलवे के सुरक्षित और सुचारु संचालन के लिए विभिन्न स्टेकहोल्डर्स के बीच समन्वय, रेलवे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, ट्रैक को अवरोधमुक्त रखने, भीड़ नियंत्रण, यात्रियों की सुरक्षा, महिला एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी तथा संवेदनशील स्टेशनों पर सुरक्षा प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इसके अलावा सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए रेल यातायात, यात्री दबाव, अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन, स्टेशन प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और बहु-एजेंसी समन्वय की प्रारंभिक रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में रेलवे एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जबकि विभिन्न रेलवे जोन और केंद्र सरकार की एजेंसियों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। यह बैठक राज्य और केंद्र की सुरक्षा एजेंसियों के बीच संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे रेल सुरक्षा और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को और मजबूत किया जा सकेगा।

