नौकरानी से दस साल तक झांसा देकर दुष्कर्म का धुरंधर फिल्म के एक्टर पर लगा आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

शेयर करे

मुम्बई। धुरंधर फिल्म के एक्टर पर दस साल तक शोषण का गंभीर आरोप लगा है। फिल्मी दुनिया से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रणवीर सिंह स्टारर ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर में अहम भूमिका निभाने वाले अभिनेता नदीम खान को मुंबई पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 41 वर्षीय पीड़िता की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। महिला ने बताया कि वह कई सालों से फिल्मी हस्तियों के घरों में घरेलू काम करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात नदीम खान से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोपी ने उससे शादी का वादा किया और इसी भरोसे का फायदा उठाकर करीब दस वर्षों तक उसके साथ जबरन संबंध बनाए।
पीड़िता का आरोप है कि ये घटनाएं मालवणी स्थित उसके घर और वर्सोवा स्थित अभिनेता के फ्लैट में हुईं। जब महिला ने शादी की बात को लेकर दबाव बनाया, तो आरोपी ने इनकार कर दिया। इसके बाद महिला ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। पहली घटना मालवणी क्षेत्र में होने के कारण मामला जीरो एफआईआर के तहत वर्सोवा से मालवणी पुलिस स्टेशन ट्रांसफर कर दिया गया है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की गहन जांच जारी है।
नदीम खान फिल्म इंडस्ट्री में लंबे समय से सक्रिय हैं और कई फिल्मों व वेब सीरीज में सपोर्टिंग रोल कर चुके हैं। उन्होंने मिमी, वध और हालिया फिल्म धुरंधर में रहमान डकैत के कुक का किरदार निभाया था। यह मामला एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि शोहरत और ताकत के पीछे छिपे चेहरे कितने भयावह हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *